Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

जींद: ढाकल गांव के पास सीआईए नरवाना ने 1.45 किलो चरस सहित छह तस्कर दबोचे

September 11, 2025

जींद: ढाकल गांव के पास सीआईए नरवाना ने 1.45 किलो चरस सहित छह तस्कर दबोचे

जींद। सीआईए नरवाना की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ढाकल गांव के पास 1.45 किलोग्राम चरस के साथ छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो गाड़ियां भी जब्त की हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैथल जिले के गांव बात्ता निवासी राहुल और अनुज, मटोर निवासी मोहित, कपिल, विनोद उर्फ चिन्नू और बालू गांव निवासी सुमित के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

इस तरह हुई कार्रवाई

सीआईए नरवाना टीम के एएसआई अवतार सिंह के नेतृत्व में मंगलवार रात हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर ढाकल ओवरब्रिज के नीचे पुलिस मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि स्कॉर्पियो और सोनेट कार में सवार छह तस्कर पीर बाबा के पास चरस की डील करने वाले हैं।

जानकारी मिलते ही टीम ने मौके पर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद दोनों गाड़ियां वहां पहुंचीं और युवक आपस में सौदेबाजी करने लगे। तभी पुलिस ने छापेमारी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।

बरामदगी

तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो के डैशबोर्ड से 1 किलो 45 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके अलावा दोनों गाड़ियां भी जब्त की गईं।

सीआईए टीम इंचार्ज सुखदेव सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि नशे के इस नेटवर्क की गहराई से जांच हो सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें