Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए बनाई जाएगी जंगल सफारी: मंत्री राव नरबीर सिंह

May 4, 2025

हरियाणा में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए बनाई जाएगी जंगल सफारी: मंत्री राव नरबीर सिंह

चंडीगढ़: हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा है कि बढ़ते प्रदूषण के कारण पर्यावरण संरक्षण एक वैश्विक चिंता का विषय बनता जा रहा है।

पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए हमें प्रकृति और वन्य जीवन के प्रति संवेदनशील होना होगा। कई नए स्टार्टअप प्रकृति और वन्य जीवन संरक्षण में गहरी रुचि दिखा रहे हैं, जो सरकारी प्रयासों के साथ-साथ एक सराहनीय पहल है।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देशवासियों से वन्य जीव संरक्षण की अपील की थी।

इस संबंध में हरियाणा वन विभाग अरावली क्षेत्र में वन्य जीवों को बचाने के लिए जंगल सफारी और ग्रीन वॉल प्रोजेक्ट का कार्यक्रम तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि जंगल सफारी प्रोजेक्ट पहले पर्यटन विभाग द्वारा तैयार किया जाना था, लेकिन अब मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इसकी जिम्मेदारी वन एवं वन्य जीव विभाग को सौंप दी है। विभाग तेजी से काम कर रहा है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री 7 और 8 जून को जामनगर (गुजरात) में वनतारा प्रोजेक्ट का दौरा करेंगे।

वह स्वयं भी उनके साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि अरावली ग्रीन वॉल परियोजना के तहत हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली इन चार राज्यों में 1.15 मिलियन हेक्टेयर से अधिक भूमि का विकास किया जाएगा और यह बहु-राज्य सहयोग का एक अनुकरणीय मॉडल प्रदर्शित करेगा।

इसके अलावा वनों की देशी प्रजातियों के साथ वनरोपण, जैव विविधता संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य में सुधार और भूजल पुनर्भरण में वृद्धि पर भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल अरावली क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल संसाधन प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में युवा पीढ़ी को प्रकृति के इस नेक कार्य से अवगत कराने और उनकी आजीविका के साधन बढ़ाने के लिए राज्य में वन मित्र नियुक्त किए गए हैं, जो स्थानीय लोगों को वनों से जोड़ रहे हैं।

ये भी पढ़ें- हेल्थ टिप्स: शीर्षासन से बढ़ेगा ब्लड सर्कुलेशन और आत्मविश्वास

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें