शनिवार को केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल ने चौक पर स्थापित संगीतमय फव्वारे का उद्घाटन कर नवनिर्मित चौक एवं पार्क को शहरवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, महापौर रेणु बाला गुप्ता, उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, वार्ड नंबर 7 के पार्षद जोगिंद्र शर्मा सहित भाजपा नेता, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि शहरों का विकास केवल सडक़, सीवर और अन्य आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि शहर में ऐसे सुंदर एवं व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल भी विकसित किए जाने चाहिए, जहां नागरिक अपने परिवार के साथ समय बिता सकें और उन्हें स्वच्छ, शांतिपूर्ण तथा सकारात्मक वातावरण मिले।
उन्होंने कहा कि मीरा सद्भावना चौक का विकसित स्वरूप शहर की सुंदरता में वृद्धि करेगा और क्षेत्र के नागरिकों को एक बेहतर स्थान उपलब्ध करवाएगा। उन्होंने नगर निगम द्वारा चौक के नवीनीकरण, पार्क के विकास तथा संगीतमय फव्वारे की स्थापना के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य शहर की पहचान को बेहतर बनाने के साथ-साथ नागरिकों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को शहर में विकास कार्यों को गुणवत्ता, उपयोगिता और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाने का संदेश दिया। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम करनाल शहर के विकास के साथ-साथ शहर के चौक-चौराहों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मीरा सद्भावना चौक का नवीनीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि संगीतमय फव्वारा, विकसित पार्क और आकर्षक सुविधाएं इस स्थल को शहरवासियों के लिए एक खूबसूरत आकर्षण बनाएंगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और शहर की सुंदरता एवं स्वच्छता को बनाए रखने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे इस विकसित स्थल की सुंदरता बनाए रखें, स्वच्छता का ध्यान रखें तथा सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में अपना सहयोग दें। नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि मीरा सद्भावना चौक को आकर्षक एवं आधुनिक स्वरूप देने के लिए नगर निगम द्वारा यहां सिविल वर्क, इलेक्ट्रिक वर्क, संगीतमय फव्वारे की स्थापना, पार्क का विकास तथा फाउंटेन पोंड के चारों ओर स्टेनलेस स्टील की ग्रिल लगाने जैसे विभिन्न कार्य करवाए गए हैं।
इन कार्यों के माध्यम से चौक को पहले से अधिक सुंदर, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए आकर्षक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर कुल 1 करोड़ 55 लाख 87 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें संगीतमय फव्वारे एवं विद्युत कार्य पर 1 करोड़ 8 लाख 18 हजार रुपये तथा सिविल कार्य पर 47 लाख 69 हजार रुपये की लागत आई है। विकास कार्यों की दोष दायित्व अवधि तीन वर्ष निर्धारित की गई है, ताकि इस अवधि में कार्य की गुणवत्ता एवं किसी भी तकनीकी कमी के संबंध में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार एजेंसी की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जा सके।
Also Read :