Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

शोघी में बस से 10 ग्राम चिट्टा बरामद, हमीरपुर का युवक गिरफ्तार

September 24, 2026

शोघी में बस से 10 ग्राम चिट्टा बरामद, हमीरपुर का युवक गिरफ्तार

शिमला: नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में विशेष सैल शिमला की टीम ने शोघी के पास एक बस की तलाशी के दौरान करीब 10 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में हमीरपुर निवासी 29 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को विशेष सैल शिमला की टीम शोघी क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को एक व्यक्ति के नशीले पदार्थ के साथ बस में सवार होने की विश्वसनीय सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शोघी के पास एक बस को रोककर नियमानुसार चैकिंग और तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस की एक सीट के नीचे से पारदर्शी पाउच और काली पॉलिथीन में बंधी एक गांठ बरामद हुई। जांच करने पर इसमें करीब 10 ग्राम हेरोइन/चिट्टा पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मामले में सुनील कुमार पुत्र राजेश कुमार, निवासी जिला हमीरपुर, उम्र 29 वर्ष की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद आरोपी को मौके पर नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस थाना बालूगंज में आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 195/2026 दर्ज किया गया है। मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत दर्ज किया गया है। आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चिट्टा आरोपी तक कहां से पहुंचा और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं। पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें