Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

बठिंडा से कांगडा जा रहे श्रद्धालुओं का ट्रक पलटा, 4 की मौत, 17 से अधिक लोग घायल

September 24, 2025

बठिंडा से कांगडा जा रहे श्रद्धालुओं का ट्रक पलटा, 4 की मौत, 17 से अधिक लोग घायल

देहरा/सियूल: हिमाचल प्रदेश के कांगडा में बड़ा हादसा हुआ। नवरात्रि के शुभ अवसर पर शक्तिपीठों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। इसी बीच कांगड़ा जिले के मां चामुंडा मंदिर में लंगर सेवा के लिए जा रहे बठिंडा के श्रद्धालुओं का ट्रक ढलियारा के पास पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 17 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से 6 गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज सिविल अस्पताल देहरा में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं से भरा ट्रक बठिंडा से चामुंडा मंदिर की ओर जा रहा था। ढलियारा के नजदीक यह ट्रक धर्मशाला से होशियारपुर की ओर जा रही एचआरटीसी बस से टकरा गया। टक्कर के बाद चालक ने वाहन को तेज रफ्तार में भगाने की कोशिश की। इस दौरान कुछ श्रद्धालु डर के कारण चलते ट्रक से कूद गए। थोड़ी दूरी पर राधा स्वामी सत्संग भवन ढलियारा के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बैरिगेट्स से टकराने के बाद पलट गया। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को निजी वाहनों व एंबुलेंस 108 की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहरा मयंक चौधरी, डीएसपी देहरा शुमायला चौधरी और एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि ढलियारा के पास हुए हादसे में 20 से ज्यादा श्रद्धालु ट्रक में सवार थे। इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 गंभीर घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है जबकि बाकी घायलों का इलाज सिविल अस्पताल देहरा में चल रहा है। मृतकों की पहचान कुलदीप सिंह, जसमेल सिंह, गोल्डी और जगसीर सिंह के रूप में हुई है। ये सभी पंजाब के बठिंडा के रहने वाले थे।

ये भी पढ़ें: यात्रीगण कृपया ध्यान दें… इन रूटों पर मार्च और अप्रैल में कैंसिल रहेंगी कई ट्रेनें, टिकट बुक करने से पहले चैक करें लिस्ट 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें