
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश की अग्रणी सांस्कृतिक संस्था सूत्रधार कला संगम कुल्लू द्वारा अपने स्वर्ण जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे दूसरे भव्य कार्यक्रम 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव को लेकर संस्था के कलाकारों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यह भव्य मल्हार उत्सव 22 अगस्त 2026 को अटल सदन कुल्लू में सायं 7:00 बजे से आयोजित किया जाएगा।
संस्था के प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम महंत ने जानकारी देते हुए बताया कि पं. विद्या सागर एवं निशांत गौतम के दिशा-निर्देशन में सूत्रधार कला संगम की सूत्रधार संगीत अकादमी के कलाकार इस उत्सव में उपशास्त्रीय, सुगम एवं लोक संगीत के साथ-साथ शास्त्रीय नृत्य पर आधारित मल्हार की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में संस्था के वरिष्ठ कलाकार लाल सिंह ठाकुर, जीवन बुडाल, राकेश शर्मा, संजय पुजारी एवं विजय सहित ट्विंकल, अर्पिता, करिश्मा, धनवंती, अनुष्का, वंशिका, दुर्गा, ईशा आदि कलाकार अपने गायन का प्रदर्शन करेंगे। वहीं रेखा, मोहिनी, तारा, कनिका, दिव्यांगना एवं कादंबिनी मल्हार थीम पर आधारित सेमी-क्लासिकल नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देंगी।
संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि इस वर्ष संस्था अपने स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और इसी कड़ी में आयोजित 19वां सूत्रधार मल्हार उत्सव एक विशेष एवं भव्य सांस्कृतिक आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि संस्था के वरिष्ठ सदस्य सुंदर श्याम महंत मल्हार पर आधारित शायरी से सुसज्जित मंच संचालन का दायित्व संभालेंगे, जिससे कार्यक्रम को और अधिक रोचक एवं प्रभावशाली बनाया जाएगा। दिनेश सेन ने कहा कि सूत्रधार कला संगम का मूल उद्देश्य कला, संस्कृति एवं समाज सेवा के जज्बे को आगे बढ़ाना है। संस्था निरंतर प्रयासरत है कि युवा पीढ़ी को कला एवं संस्कृति से जोड़ा जाए और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए सकारात्मक एवं रचनात्मक मंच प्रदान किया जाए।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति कला-संस्कृति से जुड़े और समाज को नई दिशा प्रदान करे इसी उद्देश्य के साथ संस्था विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करती आ रही है। उन्होंने बताया कि 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव में राज्य महिला आयोग हि०प्र० की अध्यक्षा विद्या नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इस मल्हार उत्सव में सूत्रधार कला संगम के कलाकारों के अतिरिक्त ख्यातिप्राप्त अंतर्राष्ट्रीय कलाकार कविता शोभू, डॉ. सुधीर शर्मा, पंकज राठी सहित अन्य कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
कलाकारों द्वारा मल्हार के पारंपरिक एवं सदाबहार गीतों के साथ-साथ सुगम संगीत पर आधारित प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने आम जनमानस, कला प्रेमियों एवं संगीत-नृत्य के श्रोताओं से आग्रह किया कि वे इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में परिवार एवं प्रियजनों सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने कहा कि अटल सदन कुल्लू में आयोजित होने वाला यह संपूर्ण कार्यक्रम सभी के लिए पूर्णतया निःशुल्क रहेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संस्था के उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह को कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगेंद्र ठाकुर एवं भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी सहित संस्था की सम्पूर्ण कार्यकारिणी आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं को संभालेगी। 19वां सूत्रधार मल्हार उत्सव वर्षा ऋतु की संगीतात्मक अनुभूति को समर्पित इस विशेष आयोजन के माध्यम से कुल्लू की सांस्कृतिक धरती पर संगीत, नृत्य और लोक परंपराओं का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा ।
📍 Location: Kullu (KULLU)