Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

बाबा बोदल शाह मंदिर के दंगल मैदान के विकास को 25 लाख: मुकेश अग्निहोत्री

September 25, 2026

बाबा बोदल शाह मंदिर के दंगल मैदान के विकास को 25 लाख: मुकेश अग्निहोत्री

शिमला: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली उपमंडल के लोअर भदसाली स्थित बाबा बोदल शाह मंदिर के दंगल मैदान के विकास के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। वे गुरुवार को बाबा बोदल शाह छिंज मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री ने बाबा बोदल शाह मंदिर के भवन, परिसर और हाल के निर्माण की सराहना की और इसके लिए मेला समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंदिर और मेले से जुड़े ऐसे आयोजन क्षेत्र की आस्था और सामाजिक परंपराओं से जुड़े हैं। बाबा बोदल शाह छिंज मेला लंबे समय से क्षेत्र के लोगों के लिए आपसी मेलजोल का अवसर रहा है। उन्होंने कहा कि छिंज और मेले नई पीढ़ी को भी अपनी लोक परंपराओं से जोड़ते हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने दंगल के आयोजन के लिए अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में एक लाख रुपये का चेक मेला समिति को भेंट किया। उन्होंने मेले के आयोजन के लिए समिति और स्थानीय लोगों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि हरोली में विकास का लक्ष्य आज की जरूरतों को पूरा करने के साथ आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर भविष्य तैयार करना है। बच्चों और युवाओं के लिए शिक्षा, खेल और आगे बढ़ने के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि आज हरोली में जो सुविधाएं तैयार हो रही हैं, उनका लाभ आने वाले समय में यहां के बच्चों और युवाओं को मिले और वे एक बेहतर हरोली में अपना भविष्य बना सकें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास के साथ स्थानीय परंपराओं और सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखना भी जरूरी है। हम उसके लिए प्रतिबद्ध हैं।

बाबा बोदल शाह छिंज मेला समिति के अध्यक्ष धर्मपाल और सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा मेले के समापन समारोह में शामिल होने और दंगल मैदान के विकास के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा के लिए उनका आभार व्यक्त किया। समिति ने स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में एक लाख रुपये देने के लिए भी उनका धन्यवाद किया। छिंज मेले में प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से आए पहलवानों ने भाग लिया। कुश्ती मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर एपीएमसी ऊना के अध्यक्ष शिव कुमार सैनी, हरोली एससी मोर्चा के ब्लॉक अध्यक्ष जसपाल जस्सा, लोअर भदसाली पंचायत के प्रधान सूरम सिंह, अप्पर भदसाली की प्रधान सुषमा, एसडीएम विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, मेला समिति के सदस्य और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें