Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

40 हजार फलों के पौधों की खेप हमीरपुर पहुंची, सरकारी दरों पर मिलेंगे आम की 3 किस्में

July 17, 2024

40 हजार फलों के पौधों की खेप हमीरपुर पहुंची, सरकारी दरों पर मिलेंगे आम की 3 किस्में

हमीरपुर: हमीरपुर में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए बागवानों को सरकारी दरों पर 40 हजार फलों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मानसून सीजन में बागवानी विभाग हमीरपुर जिले की जलवायु के अनुसार लीची, मौसमी और नींबू के पौधों के अलावा तीन किस्मों के आम के पौधे बिक्री के लिए उपलब्ध कराएगा। हमीरपुर बागवानी विभाग ने आज से ब्लॉक स्तर पर पौधों की बिक्री शुरू कर दी है। बता दें, बरसात के मौसम में लगाए जाने वाले फलों के पौधों की बड़ी खेप हमीरपुर पहुंच गई है।

बागवानी विभाग के पास आम और लीची की तीन किस्में, मौसमी, पपीता और नींबू के पौधे पहुंच गए हैं। इनका वितरण आज से शुरू हो गया है। बागवानी करने वाले बागवान पौधों के आने का इंतजार कर रहे थे। फलों के पौधे खरीदने को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। फिलहाल बागवानी विभाग ने हमीरपुर जिले के लिए 40 हजार पौधों की डिमांड भेजी है। जिसमें आम, लीची, पपीता, मौसमी, नींबू व अन्य पौधे शामिल हैं। मंगलवार को हमीरपुर के डांगक्वाली स्थित बिक्री केंद्र पर पौधे खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों को सरकारी दरों पर फलदार पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

हालांकि, सूची में शामिल सभी पौधे यहां उपलब्ध नहीं हैं और उम्मीद है कि आने वाले समय में सभी पौधे यहां उपलब्ध हो जाएंगे। आम की किस्मों में लंगड़ा, दशहरी व अमरपाली के पौधे मंगवाए गए हैं। लंगड़ा व दशहरी आम के पौधे 70 रुपये जबकि अमरपाली आम की किस्म का पौधा 75 रुपये सरकारी दर पर दिया जा रहा है। वहीं, लीची के पौधे की कीमत 70 रुपये, मौसमी के पौधे की कीमत 60 रुपये, पपीता की कीमत 40 रुपये व नींबू के पौधे की कीमत 35 रुपये है। बागवानी विकास खंड हमीरपुर अधिकारी ऊषा सोंखले ने बताया कि फलदार पौधों की खेप हमीरपुर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि बागवानों को सरकारी दरों पर पौधे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें