हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की बाजार में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां अचानक लगी भीषण आग ने नेपाली मूल के एक परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में सात साल के एक बच्चे का शव बरामद किया गया है और आठ से नौ अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह आग रात करीब 2 से 3 बजे के बीच लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
आंगीठी से लगी आग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार ने ठंड से बचने के लिए जलती हुई अंगीठी को घर के अंदर ले आया था। इसी दौरान अंगीठी से निकली चिंगारी ने घर में रखे गैस सिलिंडरों को आग की चपेट में ले लिया। इसके बाद एक के बाद एक करीब छह से सात गैस सिलिंडरों में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
ये भी पढ़ें: घर से निकलने से पहले जरूर पढ़ें ये खबरः पंजाब के सभी Toll plaza आज इतने घटे के लिये रहेंगे फ्री
सिलिंडर फटने की आवाज से आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रही। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और घायलों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ठंड के मौसम में अंगीठी और गैस सिलिंडर का इस्तेमाल बेहद सावधानी से करें।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में ईरान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में घुसा ट्रक, मची अफरा-तफरी