मंडी: नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज उपमंडलाधिकारी जोगिंदर नगर मनीश चौधरी की अध्यक्षता में एसडीएम कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपमंडल में नशे की रोकथाम, जागरूकता तथा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने, नियमित निरीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से नशीले पदार्थों का सेवन अथवा उपयोग करने वाले व्यक्तियों की निगरानी एवं समय पर सूचना उपलब्ध करवाकर ‘ब्रेक द चेन’ अभियान को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई। नशे से प्रभावित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें अस्पताल अथवा पुनर्वास केंद्र तक पहुंचाने तथा आवश्यक परामर्श एवं पुनर्वास सुविधा उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सभी शैक्षणिक संस्थानों में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन नशा मुक्ति की शपथ दिलाने तथा शैक्षणिक संस्थानों और सभी सरकारी कार्यालयों में हेल्पलाइन नंबर 14446 प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त नशे के कारोबार से संबंधित गुप्त सूचनाएं उपलब्ध करवाने के लिए व्हाट्सऐप नंबर 93172-21001 को भी प्रमुखता से प्रदर्शित करने बारे निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने सभी ग्राम पंचायतों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रभात फेरियों का आयोजन करने तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास भांग के पौधों को पूर्ण रूप से उखाड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के हानिकारक प्रभावों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा नशा रोकथाम के लिए की जा रही गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया गया।
📍 Location: Mandi (Mandi)