
शिमला: चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे 5 पर परवाणू में बीती रात पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। इसकी चपेट में एक बोलेरो कैंपर आ गई। इसमें पंजाब के देवराज नामक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का ईएसआई अस्पताल परवाणू में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीबी 08सीपी-9686 नंबर की बोलेरो कैंपर गाड़ी बीती रात चंडीगढ़ से अखबार लेकर जा रही थी। रात करीब ढाई बजे परवाणू के लव हिमाचल पार्क के पास पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। इसकी चपेट में गाड़ी आ गई। इससे गाड़ी को भी भारी नुकसान पहुंचा है। गंभीर रूप से घायल देवराज को परवाणू से पीजीआई रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भूस्खलन के बाद हाईवे को सभी तरह के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था और सुबह छह बजे इसे बहाल कर दिया गया। शिमला के भराड़ी में सुबह करीब नौ बजे कनेक्टिंग रोड पर भी भूस्खलन हुआ। गनीमत रही कि वाहन इसकी चपेट में नहीं आए, क्योंकि पहाड़ी से पत्थर गिरने शुरू हो गए थे। इसे देखकर वाहन चालकों ने पहले ही वाहन रोक दिए और कुछ ही देर में पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गया। करीब दो घंटे बाद यह सड़क वाहनों के लिए खोल दी गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...