Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत कुल्लू में जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत

August 5, 2026

‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत कुल्लू में जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत

कुल्लू: जिले में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों को देखते हुए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान आरंभ किया गया है। बता दें कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला कल्याण कार्यालय तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त प्रयास से विभिन्न विकास खंडों में लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

इस अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध मन्नत कला मंच, कुल्लू गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक नशे के दुष्प्रभाव और इससे बचाव का संदेश पहुंचा रहा है। अभियान के अगले चरण में जरी, कसोल, गड़सा और भुंतर सहित अन्य क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की शुरुआत मनाली के माल रोड टैक्सी स्टैंड और कुल्लू बस स्टैंड से हुई, जहां कलाकारों ने प्रेरणादायक समूह गीतों, लोकगीतों और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति सचेत किया। प्रस्तुतियों में विशेष रूप से हीरोइन, चिट्टा और ब्राउन शुगर जैसे मादक पदार्थों के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने भाग लेकर अभियान को समर्थन दिया और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।

जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल ने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। इसके कारण व्यक्ति का शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है, वहीं परिवार और समाज भी इसकी मार झेलते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।

उन्होंने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा भुंतर में संचालित नशा मुक्ति केंद्र और युवा परामर्श केंद्र में नशे की लत से जूझ रहे लोगों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे के शिकार व्यक्तियों को उपचार के लिए केंद्र तक पहुंचाएं, ताकि उन्हें स्वस्थ जीवन देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें