Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

आयुष्मान भारत ने देश की जनता का बड़ा आर्थिक बोझ हल्का किया : जयराम ठाकुर

September 23, 2026

आयुष्मान भारत ने देश की जनता का बड़ा आर्थिक बोझ हल्का किया : जयराम ठाकुर

शिमलाः ​प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में ‘आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ ने सफलता के आठ वर्ष पूरे कर लिए हैं, जिसने भारत के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव लाते हुए देशवासियों के लिए गुणवत्तापूर्ण, किफायती और सुलभ इलाज का नया युग शुरू किया है।

इस योजना ने देश के 60 करोड़ से अधिक आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद नागरिकों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक का मुफ्त और कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कवच प्रदान कर उन्हें गंभीर बीमारियों और इलाज के भारी-भरकम खर्चों की चिंता से पूरी तरह मुक्त कर दिया है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी से जारी ब्यान में कहा कि केंद्र सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और स्वास्थ्य की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए योजना का विस्तार किया गया है, जिसके तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के 6 करोड़ से भी अधिक बुजुर्गों को “आयुष्मान वय वंदना कार्ड” के माध्यम से इस सुरक्षा घेरे में शामिल किया गया है। अब तक 13 करोड़ से अधिक बार मरीज इस योजना के तहत अस्पतालों में कैशलेस और गुणवत्तापूर्ण उपचार का लाभ उठा चुके हैं, जिससे देश के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को सीधे तौर पर लगभग ₹2 लाख करोड़ की भारी बचत हुई है।

उन्होंने कहा कि देश के हर कोने में स्वास्थ्य सेवाओं की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 38,000 से अधिक सरकारी और निजी अस्पतालों को इस योजना से सूचीबद्ध किया गया है, साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल को मजबूत करने के लिए 1.86 लाख से अधिक ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ संचालित किए जा रहे हैं। इन आरोग्य मंदिरों में अब तक 500 करोड़ से ज्यादा बार लोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पहुंच चुके हैं, जहां 60 से अधिक प्रकार की स्वास्थ्य जांच और 150 से अधिक आवश्यक दवाएं आम लोगों को बिल्कुल मुफ्त प्रदान की जा रही हैं। ‘एक देश, एक स्वास्थ्य कार्ड’ की पोर्टेबिलिटी सुविधा के कारण लाभार्थी अपने गृह राज्य के बाहर भी देश भर के किसी भी संबद्ध अस्पताल में बिना किसी बाधा के मुफ्त इलाज प्राप्त कर सकते हैं, जबकि कैंसर, हृदय रोग और ऑर्गन ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर व जानलेवा बीमारियों के लिए भी 100% वित्तीय कवरेज दिया जा रहा है।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि आयुष्मान भारत ने देश की जनता का बड़ा आर्थिक बोझ हल्का किया है। उन्होंने बताया कि हिमाचल में इस योजना से छूटे परिवारों को कवर करने के लिए पूर्व भाजपा सरकार ने ‘हिम केयर’ योजना शुरू कर 5 लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज दिया था, लेकिन दुर्भाग्यवश वर्तमान कांग्रेस सरकार इसे बंद करने की साजिश कर रही है और प्रदेश की जनता को आयुष्मान भारत के लाभों से भी महरूम रख रही है। इसके बावजूद आयुष्मान भारत योजना आज भी करोड़ों परिवारों के स्वस्थ जीवन का मजबूत आधार बनी हुई है।

एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों के साथ की बैठक

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंडी में बैठक कर लोगों को पेश आ रही परेशानियों का समाधान निकालने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कीरतपुर से मनाली और पधर से मंडी राजमार्ग निर्माण कार्य से लोगों को आ रही परेशानियों को लेकर लगातार लोग हमसे मिलने आ रहे थे। नेरचौक में डडोर चौक और नागचला फ्लाईओवर निर्माण, मंडी से पंडोह के बीच नई टनलों के निर्माण, पंडोह से थलौट के बीच डयोड, हनोगी पुल और मंदिर मार्ग, शालानाल के पास नई बॉक्स टनल निर्माण और पूरे चपेट में आ रहे गांव के नीचे तक 70 मीटर प्रोटेक्शन वर्क कार्य शुरू करने को लेकर निर्देश दिये और स्थानीय लोगों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं को जल्द सुनने को कहा।

साथ ही उन्होंने झिड़ी में फ्लाईओवर निर्माण के कारण स्थानीय लोगों को पेश आ रही परेशानी का हल निकालने के लिए जल्द बैठक करने को कहा। उन्होंने मिलने आये प्रतिनिधिमंडलों को अधिकारियों के सामने ही मिलाया और कई मामलों पर मंत्रालय में बात करने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से बैठक कर निर्देश दिये कि विधायक प्राथमिकता और आपदा राहत के कार्यों में तेज़ी लाई जाए। इस अवसर पर एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल अजय सिंह और प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी भी उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें