
सरकाघाटः प्रदेश सरकार द्वारा एशियन डेवल्पमेंट बैंक के सहयोग से क्रियान्वित की जा रही हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई एवं मूल्य संवर्धन परियोजना (एचपी शिवा) प्रदेश के निचले क्षेत्रों में बागवानी आधारित आजीविका को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। परियोजना के माध्यम से किसानों को पारंपरिक खेती के विकल्प के रूप में आधुनिक एवं वैज्ञानिक बागवानी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंडी जिला के सरकाघाट क्षेत्र के विकास खंड गोपालपुर के गांव बही में अमरूद का क्लस्टर विकसित किया जा रहा है।
सरकाघाट क्षेत्र के बही गांव में लगभग 8.7 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद की उन्नत किस्मों हिसार सफेदा और जारवी रेड के 9,180 पौधे रोपित किए गए हैं और 21 किसान इस पहल से जुड़ चुके हैं। क्लस्टर विकास तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के निर्माण पर अब तक लगभग 1 करोड़ 6 लाख 54 हजार रुपये व्यय किए जा चुके हैं। परियोजना के तहत भूमि सुधार, खेतों का समतलीकरण, जल निकासी, सोलर बाड़बंदी और आधुनिक सिंचाई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
किसानों की भागीदारी से साकार हो रही बागवानी की पहल
सामुदायिक बागवानी उत्पादन एवं विपणन संघ (सीएचपीएमए) के प्रधान एवं लाभार्थी सुरेश ठाकुर बताते हैं कि उद्यान विभाग के सहयोग से किसानों ने उन्नत किस्मों के पौधे रोपित किए हैं। क्लस्टर में सोलर बाड़बंदी से पौधों को बेसहारा पशुओं और जंगली जानवरों से सुरक्षा मिल रही है। सिंचाई के लिए जलापूर्ति व्यवस्था और टपक सिंचाई प्रणाली विकसित की जा रही है। इससे किसानों को पारंपरिक फसलों के स्थान पर बागवानी को अपनाने का बेहतर विकल्प मिला है।
उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का किसानों को आधुनिक बागवानी से जोड़ने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जून, 2025 में बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बही पहुंचकर क्लस्टर में पौधरोपण कार्य का शुभारंभ किया था। वर्तमान में पौधे लगभग एक वर्ष के हो चुके हैं और चार से पांच फुट तक ऊंचाई प्राप्त कर चुके हैं। उम्मीद है कि जल्द ही उत्पादन शुरू होने से किसानों की आमदनी में वृद्धि होगी।
पारंपरिक खेती के मुकाबले बागवानी से बेहतर आमदनी की उम्मीद
लाभार्थी निर्मला देवी ने लगभग 10 बीघा भूमि पर अमरूद के पौधे लगाए हैं। पहले उनके खेतों में धान और गेहूं की पारंपरिक खेती होती थी, लेकिन पशुओं और जंगली जानवरों के कारण फसलों को नुकसान पहुंचता और अपेक्षित आमदनी नहीं हो पाती थी। परियोजना के तहत सोलर बाड़बंदी से अब पौधे सुरक्षित हैं और अच्छी बढ़वार कर रहे हैं। विभाग द्वारा सिंचाई प्रणाली, आवश्यक खाद एवं दवाइयों के संबंध में भी सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश सरकार और उद्यान विभाग का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय स्तर पर बढ़े रोजगार के अवसर
एक अन्य लाभार्थी जगदीश चंद बताते हैं कि उनकी दो बीघा भूमि पर अमरूद के पौधे रोपित किए गए हैं। परियोजना से किसानों की आय बढ़ने के साथ-साथ गांव की युवा पीढ़ी को भी स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने इस पहल के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया।
वैज्ञानिक तकनीकों से विकसित किए जा रहे बागवानी क्लस्टर
उद्यान विकास अधिकारी सरकाघाट शबनम राणा ने बताया कि एचपी शिवा परियोजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि, पारंपरिक खेती पर निर्भरता घटाना और आधुनिक एवं वैज्ञानिक बागवानी तकनीकों से जोड़ना है। क्षेत्र की जलवायु एवं भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप अमरूद, निंबू प्रजाति, अनार, लीची सहित अन्य उपयुक्त फलदार फसलों के क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। भूमि बागवानी के अनुकूल बनाने के लिए भूमि सुधार, समतलीकरण, जल निकासी, सौर बाड़बंदी, सिंचाई सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रत्येक क्लस्टर में सामुदायिक बागवानी उत्पादन एवं विपणन संघ (सीएचपीएमए) तथा जल उपयोगकर्ता संघ (डब्ल्यूयूए) का गठन किया गया है, ताकि किसानों की सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित हो, सिंचाई सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन एवं रखरखाव किया जा सके।
उत्पादन से विपणन तक किसानों को मिलेगा सहयोग
एचपी शिवा परियोजना का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को उत्पादन से लेकर विपणन तक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी है। इसके तहत ग्रेडिंग, पैकेजिंग, भंडारण, प्रसंस्करण और बाजार से जुड़ाव को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सके।
📍 Location: Mandi (Mandi)