BJP Slams Jagat Singh Negi Over Remarks on Operation Sindoor : कुल्लू। भाजपा के प्रदेश मीडिया सह संयोजक दानवेन्द्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश के मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए कहा कि देश की रक्षा करने वाले सैनिकों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मंत्री जगत सिंह नेगी से सैनिकों तथा प्रदेश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
कुल्लू से जारी एक बयान में भाजपा नेता दानवेन्द्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा भारतीय सेना को लेकर की गई दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणी बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दानवेन्द्र सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे संवेदनशील विषय और भारतीय सेना के शौर्य पर प्रश्नचिह्न लगाने वाली बयानबाजी से न केवल सैनिकों का मनोबल प्रभावित होता है, बल्कि प्रदेश और देश की जनता की भावनाएं भी आहत हुई हैं।
उन्होंने भाजपा की ओर से मांग करते हुए कहा कि मंत्री जगत सिंह नेगी सहित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को इस गैर-जिम्मेदाराना बयान के लिए देश के सैनिकों और प्रदेश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।