Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर बैठक में मंथन

September 16, 2026

नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर बैठक में मंथन

कुल्लू: भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत जिला कुल्लू में नशा मुक्त भारत अभियान की गतिविधियों को और गति देने के लिए मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक उपायुक्त एवं एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने की। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि नशा मुक्त भारत अभियान की छठी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सितंबर 2026 के चौथे या पांचवें सप्ताह में जिला स्तर पर मेगा इवेंट आयोजित किया जाएगा। इसमें व्यापक जागरूकता कार्यक्रम, सामुदायिक सहभागिता तथा जन-प्रतिज्ञा सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिला में मादक पदार्थों की रोकथाम के उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर ड्रग डिमांड रिडक्शन कमेटियों का गठन किया जा चुका है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक आदेश जारी किए गए हैं। बैठक में एडीएम ने निर्देश दिए कि नशे के प्रति अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष जागरूकता एवं रोकथाम गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि नशे से प्रभावित लोगों को उपचार एवं परामर्श की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भुंतर स्थित एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी के माध्यम से सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है।

एडीएम ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नशा मुक्त भारत अभियान को केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए इसे जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशील क्षेत्रों एवं नशे की समस्या से प्रभावित समूहों की पहचान करने तथा युवाओं और विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पंचायत स्तर तक अभियान की पहुंच बढ़ाने, नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके लिए शिक्षकों और रिसोर्स पर्सन के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने के साथ-साथ कम्युनिटी रेडियो एवं अन्य संचार माध्यमों का भी प्रभावी उपयोग किया जाएगा।

जिला कल्याण अधिकारी एवं सदस्य सचिव गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों को अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की एक्शन टेकन रिपोर्ट, प्रतिभागियों का विवरण तथा जन-प्रतिज्ञा की तस्वीरें समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इन्हें पोर्टल पर अपलोड किया जा सके। उन्होंने बताया कि गत वर्ष से अब तक जिले में विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों और पंचायतों के सहयोग से खेलकूद प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग, मैराथन, साइक्लोथॉन, वॉकथॉन और योग सहित अनेक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें