Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

दो पहिया वाहनों के लिए खुला चक्की पुल

September 15, 2023

दो पहिया वाहनों के लिए खुला चक्की पुल

नूरपुर (पंकज कौशल) : चक्की सड़क पुल शुक्रवार को आखिरकार दो पहिया वाहनों के लिए प्रशासन द्वारा खोल दिया गया। पुल को दोपहिया वाहनों के लिए खुलवाने के लिए सुबह 10 बजे चक्की पुल पर स्थानीय लोगों के साथ स्थानीय विधायक रणवीर सिंह निक्का पहुंच गए थे। पिछले कई समय से पुल के बंद होने के कारण कई संगठन पुल को खोलने के लिए प्रशासन को ज्ञापन भी दे चुके थे तथा अल्टीमेटम भी दिया गया था। इसके उपरांत विधायक द्वारा स्थानीय प्रशासन, एनएचएआई अधिकारियों के साथ फोन पर सम्पर्क किया गया। एसडीएम गुरसिमर सिंह भी पुल पर पहुंचे तथा सभी औपचारिकताये करने के बाद पुल को दो पहिया वाहनों के लिए खोल दिया गया।

गौरतलब है कि भारी बरसात के कारण चक्की पुल के दो पिल्लरों की सुरक्षा के लिए लगाए गए क्रेट बह गए थे जिसको देखते हुए सम्बंधित विभाग तथा प्रशासन ने 9 जुलाई को चक्की पुल को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया था। ट्रैफिक को कंडवाल-लोधवा सड़क पर डायवर्ट किया गया था, लेकिन सड़क की हालत खस्ता होने तथा कई किलोमीटर अतिरिक्त सफर होने के कारण लोग प्रशासन से मांग कर रहे थे कि हल्के व दो पहिया वाहनों के लिए चक्की पुल को खोला जाए। जबकि सम्बंधित विभाग का यही तर्क था कि जब तक पुल के पिल्लर पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हो जाते पुल को बंद रखा जाएगा। हालांकि दो दिन पहले एसडीएम गुरसिमर सिंह तथा एनएचएआई के अधिकारियों ने पुल का जायजा लिया था और पुल को जल्द दो पहिया वाहनों के लिए खोलने का निर्णय लिया था।

विधायक रणवीर सिंह ने कहा कि प्रशासन के सहयोग से चक्की पुल दो पहिया वाहनों के लिए खुलवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि चक्की पुल को खोलने को लेकर कोई राजनीति नही करना चाहते और न ही कोई क्रेडिट लेना चाहते है। उन्होंने कहा कि पुल बंद होने के कारण जनता काफी परेशान थी और जनता के हक में खड़े होना उनकी जिम्मेदारी है। निक्का ने कहा कि बरसातें खत्म होने के बाद वह नियमित रूप से स्थानीय प्रशासन तथा एनएचएआई के अधिकारियों के सम्पर्क कर पुल को खोलने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दो पहिया वाहनों के खुलने के बाद अब उन्होंने यह भी मांग रखी है कि कुछ दिनों तक हल्के 4 पहिया वाहनों के लिए पुल को खोला जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन व एनएचएआई द्वारा पुल को बचाने के लिए कार्य युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है जिसकी वो सराहना करते है लेकिन जनता की तकलीफ भी उनकी अपनी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें