करसोग: स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत नगर पंचायत करसोग के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन गया। इस अभियान के तहत आज तहसील कार्यालय परिसर व एसडीएम कार्यालय में भी सफाई अभियान चलाया गया। सफाई अभियान में एसडीएम करसोग अलीशा चौहान व नगर पंचायत करसोग के उपाध्यक्ष उत्तम चौहान सहित अन्य वार्ड सदस्यों ने भाग लिया।
इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2016 के प्रावधानों के अनुरूप कचरे को निर्धारित श्रेणियों में अलग-अलग करके नगर पंचायत की कचरा संग्रहण व्यवस्था को सौंपा जाना चाहिए। चार-बिन व्यवस्था के माध्यम से गीला कचरा, सूखा कचरा, घरेलू खतरनाक कचरा तथा स्वच्छता/सैनिटरी कचरे को अलग-अलग रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता, स्थानीय निकाय के साथ ही प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से कचरे का उचित पृथक्करण करने तथा चार-बिन व्यवस्था को अपनाने का भी आग्रह किया।
इस अभियान के दौरान कस्बे के विभिन्न स्थानों पर हॉट स्पॉट, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ सफाई के अतिरिक्त, झाड़ियों की कटाई भी की गई। स्वच्छता अभियान में वार्ड सदस्य नरेंद्र गुप्ता व नगर पंचायत करसोग के सफाई पर्यवेक्षक विपुल राणा सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
📍 Location: Mandi (Mandi)