Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार डॉ. बलदेव शर्मा की धर्मपत्नी एवं पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वी.एन. शर्मा के निधन पर जताया शोक

August 1, 2026

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार डॉ. बलदेव शर्मा की धर्मपत्नी एवं पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वी.एन. शर्मा के निधन पर जताया शोक

शिमलाः मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वरिष्ठ पत्रकार डॉ. बलदेव शर्मा की धर्मपत्नी सुरेंद्र शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उनका शनिवार प्रातः निधन हो गया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

वहीं, मुख्यमंत्री ने पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल वी.एन. शर्मा के निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया है। 97 वर्षीय जनरल वी.एन. शर्मा कांगड़ा जिले के डाड गांव के निवासी थे। उन्होंने वर्ष 1988 से 1990 तक भारतीय थल सेना के प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दीं।

ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जनरल वी.एन. शर्मा एक उत्कृष्ट, दूरदर्शी सैन्य नायक और सच्चे राष्ट्रभक्त थे, जिन्होंने अदम्य साहस, समर्पण और उत्कृष्टता के साथ राष्ट्र सेवा की। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के सशक्तिकरण और देश की संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने में दिए गए उनके अमूल्य योगदान को सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल वी.एन. शर्मा का जीवन निःस्वार्थ सेवा, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका नेतृत्व तथा कर्तव्य के प्रति अडिग निष्ठा अधिकारियों और सैनिकों की कई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें