Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

मलाणा यात्रा से वापिस लाहौल की और रवाना हुए देवता घेपन, 9 साल बाद अपने नए रथ पर हुए विराजमान

August 5, 2026

मलाणा यात्रा से वापिस लाहौल की और रवाना हुए देवता घेपन, 9 साल बाद अपने नए रथ पर हुए विराजमान

हिमाचलः लाहौल घाटी के आराध्य देवता राजा घेपन अपनी मलाणा यात्रा को पूरी कर अब वापस लाहौल की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। ऐसे में मनाली के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में देवता राजा घेपन और उनके साथ आए अन्य देवी देवताओं का भी भव्य स्वागत किया जा रहा है। देवता घेपन 9 साल बाद जिला कुल्लू के मलाणा गांव की यात्रा पर पहुंचे थे।

यहां पर उन्होंने देवता जमलू के साथ भव्य मिलन किया और उसके बाद राजा घेपन के नए देव रथ के लिए एक पेड़ को भी काटा गया। पेड़ की विधिवत पूजा अर्चना करने के बाद अब देवता घेपन अपने नए रथ में सवार हो गए हैं और वह अब वापस लाहौल की और कूच कर गए हैं। देवता घेपन बीते दिन मलाणा से शरण गांव पहुंचे और अब मनाली के खखनाल गांव में रात के समय आराम करेंगे। ऐसे में ग्रामीणों के द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए भोज की भी व्यवस्था की जा रही है।

पलचान पंचायत के पूर्व प्रधान सुंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि देवता 24 जुलाई से ही अपनी यात्रा के लिए रवाना हो गए थे। ऐसे में देवता ने रोहतांग दर्रा को पार कर उसके बाद चंद्र खनी दर्रे को भी पार किया। देवता का मलाणा में भव्य स्वागत हुआ और देवता जमलू के साथ भी भव्य मिलन किया गया। अब देवता अपने श्रद्धालुओं के साथ वापस लाहौल की ओर रवाना हुए हैं और 15 अगस्त तक देवता वापस अपने देवालय पहुंचेंगे।

देवता घेपन के साथ दौरे पर आए देवी तिलों के गुर साहिल ने बताया कि वह भी राजा घेपन के दौरे पर पैदल चल रहे हैं। देवता घेपन की कुल्लू मनाली और लाहौल में काफी मान्यता है और वह अपने भक्तों को हमेशा सुख समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं। ऐसे में देवता का भव्य स्वागत हो रहा है।

देवता अध्यापन के दर्शन को पहुंची श्रद्धालु श्रुति का कहना है कि वह कुल्लू में रहती है और जब भी लाहौल जाती है तो वह देवता के दर्शन जरूर करती है। ऐसे में जब उन्हें पता चला कि देवता कुल्लू मनाली के दौरे पर आए हैं। तो वह यहां अपने परिवार के साथ देवता का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंची है।

देवता घेपन के हरियान राजीव ने बताया कि देवता घेपन ने मलाणा यात्रा के लिए सभी हरियानो को निर्देश दिए थे और हरियान उनके निर्देशों का पालन करते हुए पैदल ही अपनी यात्रा को पूरा कर रहे हैं। मलाणा गांव में देवता के द्वारा देव विधि के साथ पूजा अर्चना की गई और अब देवता अपने नए रथ में सवार होकर लाहौल अपने देवालय की ओर जा रहे हैं।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें