Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित

October 13, 2026

अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित

सुंदरनगर: अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ओंकार एसोसिएट्स सुंदरनगर के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी प्रभारी चमन लाल ने बताया कि वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस की थीम ‘रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम’ (आपदा-सहनीयता की शुरुआत घर से होती है) रखी गई है। यह थीम आपदाओं से निपटने के लिए व्यक्तिगत और संस्थागत स्तर पर तैयारी, सतर्कता तथा जागरूकता के महत्व को दर्शाती है।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को प्रयोगशाला में उपलब्ध एबीसी ड्राई केमिकल पाउडर अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी गई। उन्हें आग की विभिन्न श्रेणियों, जैसे ठोस ज्वलनशील पदार्थ, ज्वलनशील तरल पदार्थ, गैसों, धातुओं तथा खाना पकाने के तेल एवं वसा से लगने वाली आग के बारे में भी बताया गया। साथ ही, एबीसी ड्राई पाउडर अग्निशमन यंत्र की उपयोगिता समझाई गई।

प्रशिक्षण में अग्निशमन यंत्र के उपयोग की पास तकनीक के चार चरणों—पिन खींचना, आग के आधार पर निशाना लगाना, हैंडल दबाना तथा नोजल को दाएं-बाएं घुमाना—का अभ्यास करवाया गया। इसके अतिरिक्त, अग्निशमन यंत्रों के नियमित रखरखाव, सुरक्षित निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा और आपातकालीन सावधानियों पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक बनाना रहा।

📍 Location: Mandi (Mandi)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें