Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

आपदा प्रभावित हिमाचल प्रदेश के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखने पर प्रियंका गांधी का आभारी हूं: सीएम सुक्खू

September 16, 2023

आपदा प्रभावित हिमाचल प्रदेश के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखने पर प्रियंका गांधी का आभारी हूं: सीएम सुक्खू

शिमलाः हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखे पत्र में आपदा प्रभावित राज्य की पुरजोर वकालत करने के लिए शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा का आभार जताया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हुई तबाही को 2013 की केदारनाथ त्रासदी की तरह ‘‘राष्ट्रीय आपदा’’ घोषित करने की प्रधानमंत्री से अपील करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों के बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों की अपनी दो दिवसीय यात्रा के ठीक बाद, गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री को एक पत्र भेजा, जिसमें मानसून के दौरान हिमाचल प्रदेश में हुई तबाही का विवरण दिया गया।

कांग्रेस नेता ने अपने पत्र में पीड़ितों और उनके परिवारों को राहत देने के साथ-साथ राज्य के पुनर्निर्माण के लिए वित्तीय सहायता की भी मांग की। गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखे अपने पत्र में कहा, ‘‘बारिश प्रभावित क्षेत्रों के अपने दौरे के दौरान प्रभावित लोगों की हालत देखकर मुझे दुख हुआ।’’

उन्होंने कहा कि राज्य एक अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहा है और इस आपदा को 2013 की केदारनाथ त्रासदी की तरह राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि पीड़ितों एवं राज्य को वित्तीय सहायता प्रदान की जानी चाहिए ताकि हिमाचल प्रदेश के भाइयों और बहनों को राहत मिल सके और राज्य का समुचित पुनर्निर्माण किया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें