हिमाचल डेस्क: प्रदेश की कांगड़ा घाटी रेल लाइन पर पठानकोट से जोगिंदर नगर तक सीधी रेलगाड़ियों के संचालन की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। सोमवार को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार ने चक्की खड्ड रेलवे पुल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने पठानकोट जंक्शन रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन मास्टर कार्यालय, बुकिंग कार्यालय, रिटायरिंग रूम तथा स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके अलावा नूरपुर रोड सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों, पुलों और सिग्नल प्रणालियों का भी निरीक्षण किया गया। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि तकनीकी परीक्षण सफल रहने पर जल्द ही पठानकोट से जोगेंद्रनगर तक रेलगाड़ियों का संचालन पुनः शुरू किया जा सकेगा।
ये भी देखें :- Jammu Kashmir और Ladakh सर्दी का सितम जारी, पुलवामा सबसे सर्द इलाका
2022 में बाढ़ से ध्वस्त हुए थे चक्की पुल के पिल्लर
गौरतलब है कि अगस्त 2022 में मूसलधार बारिश के कारण आई बाढ़ से चक्की खड्ड रेलवे पुल के दो पिल्लर क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके बाद से पठानकोट और जोगेंद्रनगर के बीच सीधी रेल सेवा बंद है।
कांगड़ा से पठानकोट तक सूने पड़े स्टेशन
वर्तमान में रेल सेवाएं केवल बैजनाथ से कांगड़ा तक ही संचालित हो रही हैं। कांगड़ा से पठानकोट के बीच के सभी रेलवे स्टेशन लंबे समय से सूने पड़े हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खाली रेलगाड़ी से होगा ट्रायल
महाप्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि चक्की खड्ड रेलवे पुल सहित पठानकोट से कांगड़ा तक पूरे ट्रैक का तकनीकी निरीक्षण कराया जा रहा है। निरीक्षण के बाद खाली रेलगाड़ी से ट्रायल रन किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने पर रेल सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।
26 जनवरी तक रेल संचालन बहाल होने की संभावना के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल कुछ भी निश्चित रूप से कहना संभव नहीं है। ट्रायल रिपोर्ट के आधार पर ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इस अवसर पर जम्मू मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार भी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें :- कल इतने बजे श्री अकाल तख्त साहिब जी के सामने पेश होंगे CM मान, ट्वीट करके दी जानकारी