हिमाचल डेस्कः प्रदेश में पंचायत चुनाव की सरगर्मियों के बीच एक महिला प्रत्याशी पर कथित हमले का मामला सामने आया है। शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र की नालदेहरा पंचायत में प्रधान पद की उम्मीदवार ने कुछ अज्ञात नकाबपोश युवकों पर रास्ता रोककर मारपीट और धमकाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में चुनावी माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
ये भी पढ़ें :-
शिकायतकर्ता ने क्या बताया
टिक्कर गांव निवासी 48 वर्षीय सुषमा देवी ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि वह पंचायत घर में अपना नामांकन वापस लेने जा रही थीं। उन्होंने प्रधान और बीडीसी दोनों पदों के लिए नामांकन भरा था, हालांकि बीडीसी पद का नामांकन वह पहले ही वापस ले चुकी थीं।
झाड़ियों में छिपे थे दो युवक
पीड़िता के अनुसार, जब वह अपने घर से करीब 100 मीटर दूर दुर्गापुर मार्ग पर पानी के टैंक के पास पहुंचीं, तभी झाड़ियों में छिपे दो अज्ञात युवक अचानक उनके सामने आ गए। दोनों ने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे और नीले रंग के जूते पहन रखे थे।
मारपीट के बाद हुई बेहोश
महिला का आरोप है कि युवकों ने उनका रास्ता रोककर गर्दन और कंधों से पकड़ लिया, धक्का दिया और मारपीट की। उन्होंने बताया कि वह मदद के लिए चिल्लाती रहीं, लेकिन कुछ देर बाद बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं।
चुनाव से हटने के लिए डराने का आरोप
सुषमा देवी का कहना है कि हमलावरों का उद्देश्य लूटपाट नहीं, बल्कि उन्हें डराकर चुनावी प्रक्रिया से पीछे हटाने का था। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद गांव के एक व्यक्ति का फोन आने पर उन्हें होश आया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए मशोबरा अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पंचायत चुनाव को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें :-
मेष: दिन शुभ रहेगा...