Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal Weather: रोहतांग सहित शिंकुला और बारालाचा दर्रे में बर्फबारी, जून में हिमपात से खिल उठे पर्यटक के चेहरे

June 13, 2026

Himachal Weather: रोहतांग सहित शिंकुला और बारालाचा दर्रे में बर्फबारी, जून में हिमपात से खिल उठे पर्यटक के चेहरे

हिमाचल डेस्कः प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर जून माह में हुई ताजा बर्फबारी ने पर्यटकों का उत्साह बढ़ा दिया है। शनिवार को रोहतांग दर्रे सहित शिंकुला और बारालाचा दर्रे में 3 इंच से अधिक हिमपात दर्ज किया गया। जून में बर्फबारी होने से पर्यटक जहां रोमांचित नजर आए, वहीं ठंड बढ़ने के कारण उन्हें ठिठुरन का भी सामना करना पड़ा। पर्यटकों का स्वागत बर्फ के फाहों से हुआ, जिससे पर्यटन स्थलों का आकर्षण और बढ़ गया।

ये भी पढ़ें :-

अटल टनल के पार पहुंचे 4000 पर्यटक वाहन

शनिवार को रोहतांग दर्रे के लिए लगभग 1200 पर्यटक वाहन रवाना हुए। वहीं अटल टनल के रास्ते करीब 4000 पर्यटक वाहन बारालाचा, शिंकुला, चंद्रताल, कुंजम और स्पीति घाटी की ओर गए। सुहावने मौसम और ताजा हिमपात ने पर्यटकों को खासा आकर्षित किया।

मनाली और लाहुल घाटी में हुई बारिश

शनिवार सुबह से ही मनाली और लाहुल घाटी में बारिश का दौर जारी रहा। सुबह 11 बजे के बाद रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रों में हिमपात शुरू हुआ, जो रुक-रुक कर शाम तक चलता रहा। मौसम के इस बदलाव ने पूरे क्षेत्र को और भी खूबसूरत बना दिया।

पर्यटन कारोबारियों ने जताई खुशी

पर्यटन कारोबारी पूर्ण ठाकुर, चंद्रसेन, टीकम और जगदीश ने बताया कि रोहतांग दर्रे में पर्यटकों का स्वागत बर्फ के फाहों से हुआ। बर्फबारी का नजारा देखकर पर्यटक बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि शनिवार होने के कारण क्षेत्र में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। लाहुल के पर्यटन कारोबारी तेंजिन, टशी और पलजोर ने बताया कि शनिवार को दो हजार से अधिक वाहन दारचा होते हुए बारालाचा और शिंकुला दर्रे की ओर रवाना हुए। पर्यटकों ने हल्की बर्फबारी के बीच प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। इसी दौरान कई वाहन लेह-लद्दाख की ओर भी रवाना हुए।

होटलों में 95 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी

होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि समर सीजन अपने चरम पर है। सप्ताहांत के चलते मनाली में पर्यटकों का भारी जमावड़ा देखने को मिल रहा है। शहर के प्रमुख होटलों में 90 से 95 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है।

प्रशासन की एडवाइजरी

एसडीएम मनाली गुनजीत सिंह चीमा ने बताया कि क्षेत्र में मौसम सुहावना बना हुआ है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए केवल अनुभवी गाइडों और पर्यटन विभाग से पंजीकृत ट्रेवल एजेंसियों के माध्यम से ही ट्रैकिंग पर जाएं।

ये भी पढ़ें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें