हिमाचल डेस्कः प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी शिमला में बारिश शुरू हो चुकी है। वहीं, गुरुवार को राजधानी शिमला सहित पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
ये भी पढ़ें :-
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव आने की संभावना है। 3 और 4 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के कई क्षेत्रों में अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। प्रदेश में 8 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आगामी 6 दिनों तक राज्य में बारिश होने की संभावना है। 3, 4 और 8 अप्रैल को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि 5, 6 और 7 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। विस्तारित मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 10 से 16 अप्रैल के बीच उच्च पहाड़ी और आसपास के मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी।
इस प्रकार दर्ज किया तापमान
बुधवार रात को विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया: शिमला में 11.6°C, सुंदरनगर में 13.1°C, भुंतर में 11.5°C, कल्पा में 5.0°C, धर्मशाला में 6.5°C, ऊना में 15.4°C, नाहन में 14.5°C, सोलन में 12.0°C, मनाली में 9.1°C, कांगड़ा में 15.8°C, मंडी में 14.6°C, बिलासपुर में 15.0°C, कुकुमसेरी में 3.1°C, पांवटा साहिब में 21.0°C और देहरागोपीपुर में 19.0°C रहा।
सोलन में मौसम फिर हुआ खराब
सोलन में एक बार फिर मौसम खराब हो गया है और हल्की बारिश शुरू हो गई है। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे, जिसके बाद अचानक मौसम बदला और बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान अंधड़ और तूफान की भी चेतावनी जारी की गई है।
ये भी देखें :-