हिमाचल: प्रदेश में सोमवार से अगले 6 दिनों तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी से भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। सोमवार को कांगड़ा और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि बिलासपुर, मंडी और सोलन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें :-
भूस्खलन से कई सड़कें बंद
भूस्खलन के कारण रामपुर में बागीपुल-जाओं सड़क बंद रही। वहीं, निरमंड उपमंडल की तीन पंचायतों का संपर्क भी कट गया। शिमला और धर्मशाला में दिनभर धूप-छांव के साथ हल्की बारिश का दौर जारी रहा। हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक 835 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
पांवटा साहिब में सबसे ज्यादा 38.2 मिमी बारिश
प्रदेश के कई क्षेत्रों में रविवार को बारिश दर्ज की गई। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में सबसे अधिक 38.2 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा सराहन में 25.8 और धर्मशाला में 3.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
ताबो और केलांग में बढ़ी गर्मी
प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल लाहौल-स्पीति जिले के ताबो और केलांग में इन दिनों उमस भरी गर्मी पड़ रही है। रविवार को ताबो में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री और केलांग में 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी ऊना में रही, जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 33.5, नेरी में 33.2, मंडी में 32.8, कांगड़ा में 32.1, हमीरपुर में 32.0, सोलन में 29.5, नाहन में 27.3, धर्मशाला में 27.0, मनाली में 24.2, शिमला में 24.1 और कुफरी में 20.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें :-

