Jairam Targets Sukhu Govt Over Polls : शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जयसिंहपुर में नवनिर्वाचित पंचायती राज जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पंचायत चुनावों को रोकने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव परिणाम सामने हैं और कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो गया है। जयराम ने सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव के परिणाम हिमाचल प्रदेश के ज्योतिषी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पहले से ही पता थे, इसीलिए उन्होंने पूरे तंत्र को इस चुनाव से बचने के लिए रास्ता निकालने के लिए लगा रखा था। मुख्यमंत्री के सलाहकारों द्वारा रास्ता निकाला गया कि आपदा का बहाना बनाकर चुनाव रोक दिया जाए, जिससे चुनाव में होने वाली फजीहत से बचा जा सके, लेकिन हम मुख्यमंत्री की इस साजिश के खिलाफ उच्च न्यायालय गए और अपना पक्ष रखा कि जब पूरी दुनिया कोविड जैसी महामारी की चपेट में थी, तब भी हमने चुनाव करवाए।
लोकतंत्र की मूल इकाई को पंचायत सचिव, जेई, ड्राफ्टमैन के हवाले नहीं किया जा सकता है। हाई कोर्ट ने हमारी बात मानी और चुनाव करवाने के आदेश दिए गए, लेकिन मुख्यमंत्री फिर भी नहीं माने और सुप्रीम कोर्ट में भी चुनाव रोकने के लिए लड़ाई लड़ी। इस लड़ाई में उन्होंने वकीलों पर 50-50 लाख रुपये खर्च किए, वहां भी उन्हें हार मिली और मजबूरन चुनाव करवाने पड़े। परिणाम सामने है, कांग्रेस का सुपड़ा साफ है। मुख्यमंत्री से रोज जवाब-तलब हो रहा है? अब उनके मंत्री और नेता मिलकर उनकी कुर्सी खींचने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आज सरकार सिर्फ बदले की भावना के साथ काम कर रही है। पंचायत से लेकर विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री बदले की भावना के साथ आज काम कर रहे हैं। उन्हें इसकी बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। इतिहास गवाह है, ऐसी लड़ाइयों का परिणाम प्रदेश के लिए अच्छा नहीं हुआ है। जो अधिकारी बदले की भावना को हवा दे रहे हैं, उन्हें भी मैं बताना चाहता हूं कि इस सरकार का कोई भविष्य नहीं है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...