Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

आनी में संस्थान बंद करने पर सुक्खू सरकार को घेरा

November 10, 2026

आनी में संस्थान बंद करने पर सुक्खू सरकार को घेरा

Jairam Thakur Targets Sukhu Government : शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आनी में जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह के दौरान सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने आनी में स्कूल, अस्पताल, सरकारी कार्यालय और आधा दर्जन से अधिक पशु चिकित्सालय बंद कर दिए। साथ ही उन्होंने सरकार की चुनावी गारंटियों और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

 

हम इन्हीं घाटियों में पैदा हुए, पले-बढ़े। यहीं बार-बार गिरे और उठ खड़े हुए। इसलिए हम अपने लोगों की पीड़ा जानते हैं। हमें अपने लोगों की दुश्वारियां भी पता हैं और दुख-दर्द भी। हमने सिर्फ अपने लोगों से नहीं, बल्कि खुद से भी यह वादा किया था कि जब हमें मौका मिलेगा, हम अपने लोगों की पीठ का बोझ उतारने के लिए जी-जान लगा देंगे। हमने कोशिश की और उसमें सफलता मिली। कोविड के बावजूद भी पिछली सरकार में हमने सड़क बनाने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। हमने जो रिकॉर्ड अपनी सरकार में बनाया, उसे तोड़ना कभी आसान नहीं होगा। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमने अपने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर अपनी सरकार की शुरुआत की थी।

हर बुजुर्ग को पेंशन मिले, यह कोशिश मैंने अपनी पहली कैबिनेट में की थी, लेकिन व्यवस्था परिवर्तन वाले सुक्खू महाराज ने अपना कार्यकाल बिना कैबिनेट के गठन के ही लोगों के दुख-दर्द बांटने वाली 1000 से ज्यादा संस्थाओं को बंद करके शुरू किया। सुक्खू महाराज ने आनी विधानसभा क्षेत्र में क्या विद्यालय, क्या अस्पताल और क्या कार्यालय, सब कुछ बंद कर दिया। आधा दर्जन से ज्यादा वेटरिनरी अस्पताल आनी में बंद किए गए। हमने इतने वेटरिनरी अस्पताल इसलिए खोले थे क्योंकि आनी हिमाचल में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और जब पशु ज्यादा होंगे तो उन्हें इलाज के लिए भी अस्पतालों की जरूरत पड़ेगी, लेकिन मुख्यमंत्री ने बेजुबानों का दर्द भी नहीं समझा।

उन्होंने कहा कि सिर्फ मुख्यमंत्री को श्रेय लेने की बेसब्री रहती है। बीबीएमबी हो या वाइल्डफ्लावर हॉल, हर जीत का सेहरा अपने सिर बांधते हैं, लेकिन वह भूल जाते हैं कि बीबीएमबी की फाइनल जीत 2011 में धूमल की सरकार में हो गई थी और वाइल्डफ्लावर हॉल की जीत अक्टूबर 2022 में हुई थी, जबकि सुक्खू उसके दो महीने बाद मुख्यमंत्री बने थे। सुंदर सिंह ठाकुर पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि एक मित्र के नाते मुख्यमंत्री ने उनके साथ जो किया, वह भगवान करे किसी के साथ न हो। उन्हें मंत्री बनाने के नाम पर मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश में ही नहीं, देश में भी अपने पीछे-पीछे घुमा रहे हैं और सुंदर सिंह ठाकुर भी उनके पीछे-पीछे घूम रहे हैं।

मुख्यमंत्री को एक साल बाद याद आया कि उनके ग्रह खराब हैं। अब सुंदर सिंह को मंत्री बनने के बजाय अपने स्वाभिमान की चिंता करनी चाहिए और उन्हें मुख्यमंत्री से साफ शब्दों में कह देना चाहिए कि उन्हें मंत्री नहीं बनना। इससे सुंदर सिंह का ही मान बढ़ेगा। मंत्री पद के लिए इतना अपमानित होने का कोई तुक नहीं बनता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी नाकामी की पूरी जानकारी थी, इसीलिए वह पंचायत चुनाव नहीं करवाना चाहते थे। उन्होंने सब कुछ कर लिया, सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी, करोड़ों रुपये वकीलों को फीस के रूप में दिए, लेकिन भाजपा ने ठाना था कि हर हाल में चुनाव करवाने हैं। हम सुप्रीम कोर्ट तक गए और एक बात कही कि जब कोविड में चुनाव करवाए जा सकते हैं तो अब क्यों नहीं?

हमारी बात मानी गई। हमने मुख्यमंत्री को चुनाव करवाने के लिए विवश किया। चुनाव में हिमाचल प्रदेश के लोगों का हमें भरपूर प्यार मिला और कांग्रेस भरमौर से लेकर सिरमौर तक साफ हो गई। जिला परिषद के 12 में से 11 जिलों में कांग्रेस हार गई, सिर्फ चंबा में एक वोट से भाजपा पीछे रह गई। कांग्रेस की विधानसभा में और भी दुर्गति होने वाली है। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से कांग्रेस की गारंटियों पर सवाल पूछते हुए कहा कि नौकरियां देने के बजाय मुख्यमंत्री ने उन युवाओं को भी नौकरी से निकाल दिया, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कोविड के मरीजों की मदद की थी। प्रदेश की कितनी महिलाओं को 1500 रुपये दिए गए, जबकि चुनावी मंचों से हर महिला को सम्मान राशि देने का वादा किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें