
जोगिंदर नगर: युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी और बैडमिंटन सहित आठ खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसमें क्रिकेट, वॉलीबॉल तथा कबड्डी को पहले फेज में कराया जायेगा तथा बाकि खेलो को दूसरे फेज में कराया जाना है। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। ये सभी प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित होंगी।
इस बारे जानकारी देते हुए एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने बताया कि सभी इच्छुक खिलाड़ियों एवं टीमों के लिए 15 नवंबर तक खेलो हिमाचल पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
उन्होंने बताया कि चिट्टा मुक्त अभियान के तहत 13 नवंबर को मंडी के पड्डल मैदान में वॉकथॉन का आयोजन किया जाएगा। इसमें अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। वॉकथॉन के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा और उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई जाएगी। इस वॉकथॉन में 8वीं कक्षा से ऊपर के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
एसडीएम ने खिलाड़ियों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखकर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।
📍 Location: Mandi (Mandi)