
Kullu Launches 60-Day Tobacco Free Youth Campaign 4.0 : कुल्लू। स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं और विद्यार्थियों को तंबाकू की लत से बचाने के लिए तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का जिला स्तरीय शुभारंभ किया। सीएमओ डॉ. रणजीत ठाकुर ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 26 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 28 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव द्वारा किया गया था। यह 60 दिवसीय राष्ट्रीय अभियान 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को तंबाकू उत्पादों के सेवन से बचाना, तंबाकू सेवन की शुरुआत को रोकना, तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करना तथा शैक्षणिक संस्थानों और समुदाय को तंबाकू मुक्त बनाना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जिला कुल्लू में छह प्रमुख गतिविधियों पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा।
इनमें शामिल हैं: 1. IEC Activities (सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियां): स्कूलों, कॉलेजों एवं समुदाय में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, व्याख्यान एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 2. Tobacco Free Educational Institutions (ToFEI Guidelines): शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू मुक्त संस्थान संबंधी दिशा-निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करवाने पर जोर दिया जाएगा। 3. Tobacco Free Villages: पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में विशेष पहल की जाएगी। 4. Law Enforcement: तंबाकू नियंत्रण अधिनियम (COTPA Act 2003) तथा PECA 2019 के प्रावधानों के अनुपालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 5. Universities & Colleges: विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर तंबाकू मुक्त कैंपस बनाने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। 6. Social Media Engagement: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को अभियान से जोड़ा जाएगा तथा तंबाकू के दुष्प्रभावों और तंबाकू मुक्त जीवन के महत्व से संबंधित संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।