Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

20 नवंबर तक युवाओं के लिए होंगी मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताएं

November 9, 2026

20 नवंबर तक युवाओं के लिए होंगी मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताएं

Organise Voter Awareness Competitions Till November : मंडी। जिले के उच्च शिक्षण संस्थानों में युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने और मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। ये प्रतियोगिताएं 2 से 20 नवंबर 2026 तक संस्थान, विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर पर होंगी। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने विद्यार्थियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

प्रतियोगिताएं 2 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक संस्थानो, विधानसभा क्षेत्र तथा जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के सभी पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित करना तथा पंजीकृत मतदाताओं को चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत जिले के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ईएलसी मुख्य रूप से दो प्रकार के होंगे।

पहला, ईएलसी फॉर न्यू वोटर, जो कॉलेजों, आईटीआई, मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेजों जैसे उच्च शिक्षण संस्थानों में स्थापित किए जाएंगे। इनमें 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों को मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। दूसरा, ईएलसी फॉर फ्यूचर वोटर, जो सभी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में स्थापित किए जाएंगे। इनके माध्यम से 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों को भविष्य में मतदाता बनने तथा अपने मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों से इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदाता सूची में पंजीकरण तथा मतदान के महत्व की जानकारी मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने शिक्षण संस्थान के मुखिया, संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (ना.) अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय मंडी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त दूरभाष नंबर 01905 225211 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें