Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में सेब की यूनिवर्सल पैकिंग का रास्ता साफ

February 19, 2024

हिमाचल में सेब की यूनिवर्सल पैकिंग का रास्ता साफ

शिमला: आगामी सेब सीजन से हिमाचल का सेब यूनिवर्सल कार्टन में पैक होकर मंडियों तक पहुंचेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की बीते रोज यूनिवर्सल कार्टन योजना को लागूू करने की घोषणा के बाद कृषि विभाग ने इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। सेब के यूनिवर्सल कार्टन में मंडियों तक पहुंचने से बागवानों का शोषण रुकेगा। कृषि विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यूनिवर्सल कार्टन में प्रति पेटी 20 किलो सेब की पैकिंग होगी।

इस दिशा में आवश्यक दिशानिर्देश तैयार करने के लिए सचिव, कृषि की अध्यक्षता में बीते साल दिसंबर में एक कमेटी का गठन किया जा चुका है। राज्य के बागवान लंबे समय से यूनिवर्सल कार्टन की मांग कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में पूर्व बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स के साथ-साथ भाजपा सरकार में बागवानी मंत्री रहे स्व. नरेंद्र बरागटा भी लगातार प्रदेश में यूनिवर्सल कार्टन में सेब की पैकिंग के लिए प्रयास करते रहे। विद्या स्टोक्स के बागवानी मंत्री रहते तो इस बारे कई दौर की बैठकें भी हुई। मगर योजना सिरे नहीं चढ़ सकी।

सुक्खू सरकार में बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी बीते साल से लगातार यूनिवर्सल कार्टन को लागू करने की कोशिश कर रहे हैं। मगर अब अधिसूचना जारी होने से करीब डेढ़ दशक बाद यह योजना सिरे चढ़ सकी है। उधर विधायक एवं एआईसीसी प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने बजट में यूनिवर्सल कार्टन की घोषणा ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि बागवान बीते कई सालों से इसकी मांग कर रहे थे। उन्होंने खुद इस मामले को कई मर्तबा विधानसभा में उठाया है। उन्होंने कहा कि इस योजना का फायदा प्रदेश के बागवानों को मिलेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें