Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi ने देश में सभी वर्गो का रखा खास ख्याल, कर्मचारी विरोधी है Congress सरकार : Jairam Thakur

May 15, 2024

PM Modi ने देश में सभी वर्गो का रखा खास ख्याल, कर्मचारी विरोधी है Congress सरकार : Jairam Thakur

शिमला (गजेंद्र) : भाजपा कर्मचारी प्रकोष्ठ के कार्यक्रम का आयोजन शिमला के कालीबाड़ी हाल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष घनश्याम शर्मा ने की। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि एक तरफ पीएम मोदी ने देश में सभी वर्गो का खास ख्याल रखा है वहीं दूसरी ओर वर्तमान सरकार कर्मचारी विरोधी सरकार है। आज कल छठे वेतन आयोग का लाभ न मिलने पर बिजली बोर्ड पेंशनर्ज आक्रोशित हैं और सरकार गहरी नीद में सो रही है। लोकसभा चुनाव से पहले हिमाचल में बिजली बोर्ड पेंशनरों का हल्ला शुरू हो गया है। पेंशनर्ज की मांगें पूरी न होने की वजह से चुनाव के बहिष्कार की धमकी दे रहे हैं लेकिन सरकार ख़ामोश बैठी हुई है।

उन्होंने कहा की वर्तमान कांग्रेस सरकार एक झूठी सरकार है, जो वादा करती है वह कभी पूरा नहीं करती है और ऐसे एक नहीं अनेकों महत्वपूर्ण उदाहरण है जिसे यह सिद्ध होता है कि इस सरकार की नीयत में ही खोट है। वर्तमान सरकार ने डेढ़ साल के कार्यकाल में सिर्फ़ लोगों को गुमराह करने और उन्हें मिली सुविधाएं छीनने का काम किया है। इस समय भी कांग्रेस तमाम तरह के भ्रम फैला कर लोगों को बरगलाने का काम कर रही है लेकिन मैं यह साफ़ कर देना चाहता हूँ कि भाजपा बदले की राजनीति के तहत कार्य नहीं करती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति, नीयत और नेतृत्व पर विश्वास है। पीएम मोदी जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिछले दस साल (2014-24) के कार्यकाल में 51.40 करोड़ रोजगार का सृजन हुआ। इनमें 19.79 करोड़ रोजगार का सृजन सरकार की विभिन्न स्कीम व नीतियों की वजह से हुआ तो 31.61 करोड़ रोजगार बैंकों की तरफ से कारोबार के लिए दिए गए कर्ज की वजह से संभव हो सका। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना ने रोजगार सृजन में प्रमुख भूमिका निभाई। मुद्रा योजना की मदद से हर साल औसतन 3.16 करोड़ लोगों को रोजगार मिला। यह दावा स्काच ग्रुप ने अपनी रिपोर्ट में किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज में देश खुशहाली की ओर बढ़ रहा है, यह पूरी दुनिया देख रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें