
कुल्लूः महिपाल मकराना की गिरफ्तारी के विरोध में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी ने जिला मुख्यालय कुल्लू के ढालपुर मैदान में प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश सरकार का पुतला फूंककर गिरफ्तारी के खिलाफ रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने मांग उठाई कि महिपाल मकराना को जल्द से जल्द रिहा किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उन्हें रिहा नहीं किया गया तो हिमाचल प्रदेश सहित देशभर में मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ धरने-प्रदर्शन किए जाएंगे।
ढालपुर में प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमर ठाकुर ने कहा कि महिपाल मकराना पूरे देश में यूजीसी बिल के विरोध और समाज में समानता लाने के उद्देश्य से यात्राएं कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में उनकी यह पांचवीं यात्रा थी, लेकिन बीते शाम मध्य प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अमर ठाकुर ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की।
अमर ठाकुर ने कहा कि आज देश का युवा समानता और रोजगार चाहता है। सरकारों को भी युवाओं की इन अपेक्षाओं को समझते हुए रोजगार और समानता की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के हितों से जुड़े मुद्दे उठाने वाले लोगों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। दोहराया कि यदि मध्य प्रदेश सरकार ने जल्द महिपाल मकराना को रिहा नहीं किया तो राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों में आंदोलन करेगी।
📍 Location: Kullu (Kullu)