Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में आज से मानसून का दूसरा दौर; 20 से 22 तक भारी बारिश का अलर्ट

July 18, 2026

हिमाचल में आज से मानसून का दूसरा दौर; 20 से 22 तक भारी बारिश का अलर्ट

शिमला : हिमाचल प्रदेश में शनिवार से मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 18 से 23 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का पूर्वानुमान जताया है। खासकर 20 से 22 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, सड़कें बंद होने तथा नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका है।

संवेदनशील इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हो सकता है। 18 जुलाई को मंडी और कांगड़ा के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं शिमला, कुल्लू और सिरमौर में भी कहीं-कहीं मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को चंबा, शिमला, मंडी और कांगड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। हमीरपुर और सिरमौर में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि सोलन, ऊना, बिलासपुर और कुल्लू में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को मानसून सबसे अधिक सक्रिय रहेगा। चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी और कांगड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हमीरपुर, सिरमौर, सोलन, ऊना, बिलासपुर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी भारी से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। 21 से 23 जुलाई तक मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। निचले और मैदानी क्षेत्रों में भारी वर्षा तथा ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी.नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें। वहीं, संबंधित विभागों को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें