Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

वंदे मातरम् के अपमान पर कांग्रेस राष्ट्रीय नेताओं के खिलाफ हो सख़्त कानूनी कार्रवाई : जयराम ठाकुर

August 17, 2026

वंदे मातरम् के अपमान पर कांग्रेस राष्ट्रीय नेताओं के खिलाफ हो सख़्त कानूनी कार्रवाई : जयराम ठाकुर

​शिमला: मंडी में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के खिलाफ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के अपमान का आरोप लगाते हुए एक विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकालकर चौहट्टा बाजार में कांग्रेस कार्यालय के बाहर संपूर्ण वंदे मातरम गाया। यह प्रदर्शन भाजपा जिला कार्यालय राजमहल से शुरू हुआ और जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय (गांधी भवन) के बाहर आयोजित किया गया, जहाँ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जहाँ एक तरफ 15 अगस्त को पूरा देश स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा हुआ था, वहीं दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय ध्वज के नीचे आयोजित कार्यक्रम के दौरान सोनिया गांधी ने पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और फिर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को इशारा करके वंदे मातरम् को बीच में ही बंद कराने का प्रयास किया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब किसी व्यक्ति ने उन्हें अवगत कराया कि अब संसद द्वारा कानून पास कर पूरा राष्ट्रीय गीत बजाना अनिवार्य कर दिया गया है, तब जाकर वे अनिच्छा से खड़े रहे।

जयराम ठाकुर ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य रहा है कि कांग्रेस की नीतियों के कारण आठ दशकों तक देशवासियों को आधा-अधूरा वंदे मातरम् सुनना पड़ा, लेकिन अब एनडीए सरकार द्वारा संसद में विधेयक पारित कर इसके पूर्ण गायन को अनिवार्य बनाने और अवमानना पर सजा का प्रावधान करने का पूरे देश ने स्वागत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कानून से कांग्रेस नेताओं का खोखला देशभक्ति का चेहरा उजागर हो गया है, जिसे वे पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि राष्ट्रीय गीत के अपमान के दोषी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके। भाजपा ने इस मानसिकता का पर्दाफाश करने के लिए देशभर के जिला कांग्रेस कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इस विरोध प्रदर्शन में नाचन के विधायक विनोद कुमार, सुंदरनगर के विधायक राकेश जमवाल, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर, द्रंग के विधायक पूर्ण चंद, भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, पूर्व विधायक हीरा लाल, मेयर सुमन ठाकुर और भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा सहित कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें