शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सभागार में Students’ Central Association (SCA) के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों एवं विभागीय प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य प्रो. महावीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर अधिष्ठाता अध्ययन (Dean of Studies) प्रो. बी.के. शिवराम विशिष्ट अतिथि तथा विश्वविद्यालय की कुलसचिव श्रीमती ज्योति राणा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का आयोजन अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW) कार्यालय द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन गीता राम ने किया। समारोह में SCA की नवनियुक्त अध्यक्ष निकिता, महासचिव पारुल मेहता, उपाध्यक्ष पलक ठाकुर तथा सह-सचिव स्वाति शर्मा सहित सभी पदाधिकारियों एवं विभागीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. आर.एल. जिंटा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, विशेष अतिथि, SCA के प्रतिनिधियों तथा सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया और नवगठित SCA को शुभकामनाएं दीं।
कुलपति आचार्य प्रो. महावीर सिंह ने SCA के सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बी.के. शिवराम ने सभी विभागीय प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई। SCA की अध्यक्ष सुश्री निकिता ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। अपने संबोधन में कुलपति आचार्य प्रो. महावीर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की नई SCA में चार बेटियां महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों पर आई हैं और वे अपनी सकारात्मक सोच एवं ऊर्जा के साथ हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि SCA अध्यक्ष विद्यार्थियों के हितों के लिए हर स्तर तक प्रयास कर सकती हैं और विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
कुलपति ने कहा कि विद्यार्थी उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता हैं, चाहे वे प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों, पांगी, भरमौर अथवा अन्य ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों से ही क्यों न आते हों। उनका उद्देश्य हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को देश की अग्रणी विश्वविद्यालयों के साथ-साथ यूके, अमेरिका, यूरोप और जापान जैसे देशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में भ्रमण पर भेजकर उनका एक्स्पोजर को बढ़ावा देना है। ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा के बल पर आगे आने के समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक एवं गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने न्यायपालिका, राजनीति, शोध, चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश और प्रदेश को प्रतिभाएं प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अपने आप में अलौकिक है और इसकी विरासत को नई ऊंचाइयों तक ले जाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कुलपति ने विश्वविद्यालय में स्थापित किए जा रहे विभिन्न शोध एवं नवाचार केंद्रों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को इन केंद्रों के साथ जुड़ने तथा सहयोग एवं शोध की संभावनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग डेटा का युग है और जिसके पास सही एवं उपयोगी डेटा है। वह आज के समय में विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। विश्वविद्यालय के तीन प्रमुख स्तंभ हैं विद्यार्थी, शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी और तीनों ही विश्वविद्यालय की प्रगति के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों के हितों से जुड़े शैक्षणिक, छात्रावास तथा अन्य मुद्दों के समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किया जाएगा। विश्वविद्यालय की कुलसचिव श्रीमती ज्योति राणा ने भी समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, SCA प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों का स्वागत किया तथा नवगठित SCA को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के हित में सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रो. जे.एस.धीमान सहित विभिन्न अधिष्ठाता, निदेशक, विभागाध्यक्ष/चेयरपर्सन, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
📍 Location: शिमला (शिमला)
मेष: दिन शुभ रहेगा...