Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

टीपीएल में छात्रों ने दिखाया खेल कौशल

September 19, 2026

टीपीएल में छात्रों ने दिखाया खेल कौशल

Students Showcase Sporting Skills at TPL : शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं आतिथ्य प्रबंधन संस्थान (आईटीएचएम) की ओर से विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पर्यटन सप्ताह-2026 के तहत चल रहे टूरिज्म प्रीमियर लीग (टीपीएल) में शनिवार को विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा, टीम भावना और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।

दिनभर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। लड़कियों की रस्साकस्सी प्रतियोगिता में एमटीटीएम जूनियर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं लड़कों की रस्साकस्सी प्रतियोगिता में फाला टीम ने स्कॉलर्स टीम को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में विंटेज 11 ने एमटीटीएम तृतीय वर्ष की टीम को हराकर क्रिकेट ट्रॉफी अपने नाम की। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा और दर्शक विद्यार्थियों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। चेस प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने बेहतरीन रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में रजत ने विकेश को हराकर चेस का खिताब अपने नाम किया। वहीं कैरम प्रतियोगिता में सौरभ और नंदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया।

डॉ. विनीत और पीयूष की टीम उपविजेता रही। कैरम के मुकाबले में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। आईटीएचएम की ओर से आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकादमिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलों से जोड़ना तथा उनमें टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुणों का विकास करना है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आपसी समन्वय विकसित करने का अवसर मिल रहा है। इस आयोजन को हिमालयन वैगाबॉन्ड और टच हाइट हिमालया का सहयोग प्राप्त हो रहा है। संस्थान की ओर से आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाली दोनों संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

पर्यटन सप्ताह के आगामी कार्यक्रमों के तहत 23 सितंबर को उद्घाटन दिवस, 24 सितंबर को युवा विद्यालय दिवस, 25 सितंबर को उद्यमिता दिवस तथा 26 सितंबर को लोक नृत्य प्रतियोगिता, समापन समारोह और मेगा सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। “हिम विरासत—जहां विरासत जीवंत है, संस्कृति जुड़ती है और पर्यटन सतत बनता है” की थीम पर आयोजित पर्यटन सप्ताह के माध्यम से विद्यार्थियों को हिमाचल की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत के साथ-साथ स्थानीय समुदाय, उद्यमिता और सतत पर्यटन की अवधारणा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें