Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मानसून के चलते सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधीश ने लिया बड़ा फैसला, पटवारी और कानूनगो के मोबाइल नंबर होंगे सार्वजनिक

July 1, 2024

मानसून के चलते सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधीश ने लिया बड़ा फैसला, पटवारी और कानूनगो के मोबाइल नंबर होंगे सार्वजनिक

हिमाचल: जिला में मानसून के चलते सूचना प्रणाली को मजबूती से स्थापित करने की दिशा में जिलाधीश अनुपम कश्यप ने सोमवार को सभी पटवारियों और कानूनगो के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किये जा रहे है। जिलाधीश अनुपम कश्यप ने जानकारी देते हुए कहा कि मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। ऐसे में जिला के भीतर सूचना प्रणाली प्रभावी तभी बनेगी जब संबंधित क्षेत्र में पटवारी, कानूनगो से तुरंत सही सूचना प्राप्त होगी। इसी कड़ी में जिले के सभी कानूनगो और पटवारियों के नंबर सार्वजनिक किए जायेंगे। ताकि लोग तुरंत सूचना दे सके। मानसून के चलते कई अप्रिय घटना होने के आसार रहते हैं।

लोगों को जान,माल को नुकसान पहुंचाने वाली सूचनाएं सही समय पर न मिलने के कारण राहत कार्यों को अमलीजामा पहनाने में कई दिक्कतें पेश आती है। उन्होंने कहा कि जिला के लोगों को कम से कम समय में प्राथमिक सहायता पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। सभी पटवारी और कानूनगो के मोबाइल नंबर मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाएंगे और जिलाधीश शिमला की वेबसाइट व फेसबुक पेज पर अपलोड किए जाएंगे। वहीं उपमण्डलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के मोबाईल नंबर भी सार्वजनिक किए जाएंगे।


जिलाधीश अनुपम कश्यप ने आम जनता से भी अपील की है कि अपने अपने क्षेत्र के पटवारी कानूनगो का मोबाइल नंबर अपने आसपास के लोगों के साथ साझा करें और आपदा की स्थिति में तुरंत सूचना दें। उन्होंने कहा कि बरसात में स्वयं भी सतर्क रहें और अपने आसपास के लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक करें। जिलाधीश ने सभी उपमंडल अधिकारियों को आदेश दिया है कि अपने अपने क्षेत्र में ऐसे क्षेत्रों का ब्यौरा दें जहां पर बरसात के कारण खतरा बना हुआ है। इसके साथ ही ऐसे कौन कौन से घर है जो बरसात के कारण खतरे की चपेट में है। वहीं उक्त क्षेत्रों और घरों के लिए अभी तक क्या क्या सुरक्षा कदम उठाए गए है। इन सब का ब्यौरा एकत्रित किया जा रहा है।

24×7उठाने होंगे जनता की फोन काॅल
जिलाधीश के आदेशानुसार सभी कानूनगो और पटवारियों को लोगों की फोन कॉल्स 24×7उठाने होंगे। क्योंकि मानसून के चलते कभी भी अप्रिय घटना पेश आ जाती है। ऐसे में सूचना प्रशासन के पास कई बार बहुत ही देरी से पहुंचती है। फील्ड में तैनात पटवारी ये सुनिश्चित करेंगे कि शीघ्र अति शीघ्र सूचना आला अधिकारियों को दें।

अपने स्टेशन से नदारद रहने पर होगी तुरंत कारवाई
जिलाधीश ने आदेश दिए है कि पटवारी कानूनगो अगर अपने स्टेशन से नदारद पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ तुरंत कारवाई अमल में लाई जाएगी। अगर कोई पटवारी या कानूनगो कार्यलाय के कार्य से संबधित स्टेशन छोड़ना चाहता है तो उसे अपने आला अधिकारी से पूर्व अनुमति लेनी होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें