Site icon Dainik Savera Times

दोस्त की शादी में जा रहे सेना के 2 जवानों की हादसे में मौत

रिवालसर: मंडी जिले में कटौला के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में सेना के दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों जवान अपने दोस्त की शादी में शामिल होने ब्रेगन गांव जा रहे थे। उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 600 फीट गहरी खाई में गिर गई। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय नितेश पुत्र स्वर्गीय सुरेश कुमार, निवासी टारना हिल मंडी, तथा 32 वर्षीय महेंद्र कुमार पुत्र मोती राम, निवासी दूसरा खाबू, बल्ह, मंडी के रूप में हुई है। दोनों जवान क्रमश: जेएंडके राइफल में तैनात थे।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे दोनों जवान मंडी से दो गाड़ियों में अपने दोस्तों के साथ शादी में शामिल होने निकले थे। रात 8:15 बजे जब दरलोग के पास पहुंचे तो आगे चल रही दूसरी गाड़ी में सवार दोस्तों ने महसूस किया कि पीछे आ रही नितेश और महेंद्र की कार दिखाई नहीं दे रही है। कई बार कॉल करने पर भी जब फोन रिसीव नहीं हुआ, तो बाद में एक महिला ने कॉल उठाकर बताया कि कार खाई में गिरी हुई है और उसे यह फोन वहीं मिला है। दोस्त तत्काल मौके पर लौटे और खाई में उतरकर देखा कि दोनों जवानों के शव गाड़ी से बाहर गिरे हुए थे।

गंभीर चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। ये दोनों जवान एचपी 33 जी 0204 नंबर की किया सोनेट कार में सवार थे। नितेश अपने पीछे 2 साल का बेटा, पत्नी पूजा और माता को छोड़ गए हैं। वहीं महेंद्र के परिवार में 3 वर्ष की बेटी, 6 माह का बेटा, पत्नी और माता-पिता हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। पुलिस ने 28 वर्षीय कीर्तिमान पुत्र रामेश्वर निवासी बनियाड़, थुनाग के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। शनिवार सुबह दोनों शवों का जोनल अस्पताल मंडी में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- ईरान में जन आक्रोश जारी, 6 हजार के पार पहुंचा मौतों का आंकड़ा 

Exit mobile version