Last Updated: September 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

नई दिल्ली में 8-9 अक्टूबर को होगा महिला एवं बाल विकास विभाग का शिखर सम्मेलन

September 29, 2026

नई दिल्ली में 8-9 अक्टूबर को होगा महिला एवं बाल विकास विभाग का शिखर सम्मेलन

शिमला: महिला एवं बाल विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए 8 और 9 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में हुई वर्चुअल बैठक में हिस्सा लिया।

यह सम्मेलन नई दिल्ली के सुषमा स्वराज भवन में आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 अक्टूबर को होने वाले समापन सत्र में शामिल होंगे।

चार प्रमुख विषयों पर रहेगा फोकस

बैठक के दौरान डॉ. धनी राम शांडिल ने बताया कि सम्मेलन में महिला एवं बाल विकास से जुड़े चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष रूप से मंथन किया जाएगा। इनमें आंगनवाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाकर बच्चों के पोषण और शुरुआती शिक्षा को मजबूत करना, बाल संरक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत करना और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना शामिल है।

हिमाचल के मुद्दों को भी रखा जाएगा

डॉ. शांडिल ने कहा कि सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश से जुड़े कल्याणकारी मुद्दों और राज्य की आवश्यकताओं को प्रमुखता के साथ सामने रखा जाएगा। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से एक विस्तृत प्रस्तुति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तुति में ऐसे सुझावों को शामिल किया जाएगा, जिनसे हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ देश के दूसरे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भी लाभ मिल सके।

योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर

बैठक में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यह सम्मेलन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा। यहां केंद्र प्रायोजित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उनके लाभ को पात्र लोगों तक पहुंचाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के अलावा विभिन्न राज्यों के मंत्री, महिला एवं बाल विकास विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें