सवाईमाधोपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर उसके शासन में कुशासन, भ्रष्टाचार एवं महिलाओं पर अत्याचार बढ़ने से प्रदेश की छवि धूमिल होने का आरोप लगाते हुए इसे गृह को लूटने वाली सरकार बताया और कहा है कि इसे प्रदेश की सुख, शांति एवं अमन चैन एवं विकास से कोई लेना देना नहीं है, ऐसे में अगर राजस्थान की छवि बदलनी है तो गहलोत सरकार को बदलना होगा।
नड्डा शनिवार को प्रदेश भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर दशहरा मैदान में आयोजित जन सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में कुशासन और अंधेर नगरी, आम जनता एवं महिलाओं का संरक्षण समाप्त हो जाये वहां भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी हो कि हो अब और नहीं सहेगा राजस्थान। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह गहलोत सरकार नहीं है, यह गृह को लूटने वाली सरकार है, यह सरकार भ्रष्टाचार करके दिल्ली के आकाओ को खुश करने एवं उनकी जेब भरने का काम करती है। इसे राजस्थान के विकास से कोई मतलब नहीं है और इसकी प्रदेश में सुख-शांति को आगे बढ़ाने की कोई इच्छा नहीं है, इसकी इच्छा भ्रष्टाचार करो, इसे पनाह दो, कांग्रेस विधायकों को खूली छूट दो और यह पैसा दिल्ली के आकाओ की जेब तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करो।
नड्डा ने कहा कि इस गर्मी में भी बड़ी संख्या में लोग यहां डटे हुए है जो इस बात का संकेत है कि गहलोतजी आपके जाने की बारी आ गई हैं। उन्होंने कांग्रेस का मतलब लूट, भ्रष्टाचार, अत्याचार एवं कुशासन बताते हुए कहा कि यह यात्रा डेढ करोड़ मतदाताओं तक पहुंचकर सरकार के कुशासन को जन जन तक पहुंचायेगी। उन्होंने कहा कि इस सरकार का मतलब है लाल डायरी है। उन्होंने कहा कि जो लाल डायरी का बचाव कर रहा उसे आने वाले चुनाव में बर्खास्त कर देना है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान शांति प्रिय प्रदेश कहलाता था और इसे संस्कारों एवं सभी की रक्षा तथा देश की रक्षा के लिए जाना जाता था जहां आज बेटियों का बलात्कार एवं अपमान किया जा रहा है, क्या राजस्थान यह सहने वाला है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में भ्रष्टाचार हो रहा है, क्या ऐसी सरकार को रहने देना है। यहां शहीदों के परिवार का सम्मान भी नहीं होता है और इनसे झूठा वादे भी किए गए और जब शहीद परिवार सरकार के पास गुहार लगाने आता है तो उसके साथ अच्छा बर्ताव नहीं होता।