Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

कर्नाटक: बेंगलुरु हवाई अड्डे पर 17 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ जब्त, 3 गिरफ्तार

December 29, 2025

कर्नाटक: बेंगलुरु हवाई अड्डे पर 17 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ जब्त, 3 गिरफ्तार

नेशनल डेस्क। कर्नाटक के बेंगलुरु हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17.80 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। गांजा की कीमत 6.23 करोड़ रुपए आंकी गई है।

बेंगलुरु कस्टम विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि बेंगलुरु कस्टम विभाग ने बैंकॉक से आ रहे 3 यात्रियों को रोका और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके चेक-इन बैगेज से 17.80 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा निकला, जिसको जब्त कर लिया गया। गांजा की कीमत 6.23 करोड़ रुपए के आसपास है। सभी आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया।

इससे पहले बेंगलुरु हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने 20 दिसंबर को बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.18 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया। बेंगलुरु कस्टम ने बैंकॉक से आ रहे एक यात्री को रोका और चेक-इन बैगेज में छिपाई गई 7.18 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त की, जिसकी कीमत 2.51 करोड़ रुपए है।

आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया। वहीं, 19 दिसंबर को कस्टम ने एक यात्री के पास से 0.86 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत 30.10 लाख आंकी गई है।

वहीं, इससे पहले नशा और मादक पदार्थों को लेकर अभियान चला रही पंजाब पुलिस के हाथ रविवार को बड़ी सफलता लगी। पुलिस ने एक कार्रवाई के दौरान फाजिल्का में पांच किलो से ज्यादा हेरोइन के साथ ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की।

उन्होंने कहा कि फाजिल्का राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी) ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त अभियान में 5.11 किलो हेरोइन के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जलालाबाद के ढांडी कदीम गांव के निवासी बलजीत सिंह के रूप में हुई।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि जब्त की गई हेरोइन की खेप पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा ड्रोन के जरिए भेजी गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें