Amarnath yatra 2025 : नेपाल के रहने वाले सचिन चौधरी साइकिल से अमरनाथ यात्रा पर निकले हैं। उनकी यात्रा न केवल धार्मिक है, बल्कि सामाजिक और पर्यावरण संबंधी संदेश भी देती है। इस खास यात्रा के जरिए सचिन देशवासियों को जल संरक्षण का संदेश दे रहे हैं।
सचिन ने बताया कि घर से निकले हुए उन्हें आठ महीने आठ दिन हो गए हैं। यह उनकी भारत की दूसरी यात्रा है और इस बार उनका लक्ष्य बाबा बर्फानी के दर्शन करना है। उन्होंने बताया कि वह इस समय जम्मू-कश्मीर हाईवे पर हैं और यहां की यात्रा अब तक काफी सकारात्मक रही है। सचिन ने बताया कि जम्मू में प्रवेश करते ही मुझे काफी प्यार और समर्थन मिला। जम्मू-कश्मीर को लेकर हमारे मन में जो आशंकाएं थीं, वे गलत साबित हुईं। यहां धर्म का कोई भेदभाव नहीं है, हिंदू-मुस्लिम सभी एकता और भाईचारे के साथ रहते हैं।
सचिन ने बताया कि रास्ते में लोग उन्हें खाना, पानी और ठहरने की जगह भी मुहैया कराते हैं। गुरुद्वारों में उन्हें न केवल खाना दिया गया, बल्कि ठहरने के लिए कमरे भी दिए गए। भारत के लोग बहुत अच्छे हैं। मैंने जितना सोचा था, उससे कहीं ज्यादा समर्थन मिला है। सुरक्षा व्यवस्था की तारीफ करते हुए सचिन ने कहा कि जो लोग 2025 में अमरनाथ जाना चाहते हैं, उन्हें बिना किसी डर के आना चाहिए। यहां जगह-जगह सुरक्षा बल तैनात हैं।
सचिन कहते हैं कि यात्रा के दौरान वह जहां भी रुकते हैं, वहां लोगों को पेड़-पौधे न काटने और जल संसाधनों को बचाने की सलाह देते हैं। उनका कहना है कि पेड़ होंगे, तभी पानी होगा और पानी होगा, तभी हम जीवित रह पाएंगे। जंगल काटना बंद करें। पानी बचाएँ, जीवन बचाएँ।
आपको बता दें कि पवित्र अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हो रही है। यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के मुताबिक, इस साल यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी।