
नेशनल डेस्कः केरल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री Pinarayi Vijayan से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई राज्यभर में करीब 12 जगहों पर की गई। इनमें उनका किराए का घर, उनकी बेटी वीना विजयन की आईटी कंपनी और कुछ अन्य संबंधित स्थान शामिल हैं।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हो रही जांच
ईडी यह जांच प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत कर रही है। मामला वीना विजयन की आईटी फर्म ‘एक्सालॉजिक’ और कोच्चि स्थित कंपनी ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ (CMRL) के बीच हुए कथित मासिक भुगतान से जुड़ा बताया जा रहा है। एजेंसी को शक है कि दोनों कंपनियों के बीच हुए वित्तीय लेन-देन में गड़बड़ी हो सकती है। इसी को लेकर लंबे समय से जांच चल रही थी।
#WATCH | Thiruvananthapuram: Enforcement Directorate is conducting searches at 10 premises in Keralam, including the residences of former Chief Minister and present LoP Pinarayi Vijayan, in the Cochin Minerals and Rutile Limited (CMRL) case. pic.twitter.com/fmHZbftho0
— ANI (@ANI) May 27, 2026
कई शहरों में एक साथ रेड
ईडी की टीमों ने तिरुवनंतपुरम, कोच्चि और कोझिकोड समेत कई शहरों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान पूर्व मंत्री और पिनराई विजयन के दामाद मोहम्मद रियास के घर पर भी जांच की गई। सूत्रों के मुताबिक, जब ईडी की टीम पहुंची तब पिनराई विजयन और उनकी बेटी वीना विजयन तिरुवनंतपुरम स्थित घर में मौजूद थे।
वीना विजयन और कंपनी अधिकारियों से पूछताछ
छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों ने वीना विजयन से पूछताछ की। साथ ही CMRL के मैनेजिंग डायरेक्टर शशिधरन कार्था से भी सवाल-जवाब किए गए। कोच्चि में कंपनी के कॉर्पोरेट ऑफिस और शशिधरन कार्था के घर पर दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की जांच की गई। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम ने कई जरूरी रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं।
#WATCH | Kannur: In the Cochin Minerals and Rutile Limited (CMRL) case, Enforcement Directorate (ED) is conducting searches at 10 premises in Keralam, including the residences of former Chief Minister and present LoP Pinarayi Vijayan. https://t.co/5KYJNnClr8 pic.twitter.com/nNu8sDcjMU
— ANI (@ANI) May 27, 2026
भारी सुरक्षा के बीच चली कार्रवाई
पूरी कार्रवाई केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में की गई। ईडी अधिकारियों ने कई घंटों तक दस्तावेजों, कंप्यूटर डेटा और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की। राजनीतिक रूप से संवेदनशील माने जा रहे इस मामले को लेकर पूरे केरल में चर्चा तेज हो गई है।
हाई कोर्ट के फैसले के बाद तेज हुई जांच
यह कार्रवाई केरल हाई कोर्ट के हालिया फैसले के बाद हुई है। अदालत ने ईडी को CMRL और एक्सालॉजिक के बीच हुए वित्तीय लेन-देन की जांच जारी रखने की अनुमति दी थी। CMRL ने ईडी की कार्रवाई को रद्द करने की मांग करते हुए कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन हाई कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया।
कोर्ट ने क्या कहा?
हाई कोर्ट ने कहा कि कंपनियों के बीच हुए बड़े वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच जरूरी है। अदालत ने माना कि मामले में मनी लॉन्ड्रिंग कानूनों के तहत विस्तृत जांच की जरूरत है। कोर्ट के इस फैसले के तुरंत बाद ईडी ने राज्यभर में बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी, जिससे केरल की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।