Last Updated: November 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रेम संबंध के शक में युवक की पीट-पीट कर हत्या, छह आरोपी गिरफ्तार

March 15, 2026

प्रेम संबंध के शक में युवक की पीट-पीट कर हत्या, छह आरोपी गिरफ्तार

Love affair: पुणे के कोथरूड इलाके में प्रेम संबंध के शक में 23 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग ने युवक को फोन कर अपने घर बुलाया, जिसके बाद लड़की के परिजनों और रिश्तेदारों ने मिलकर उसे घर पर रखे डंडों से पीटा। जब उसकी हालत खराब हो गई तो उसे छत पर ही छोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि लड़के की मां ने तहरीर में बताया कि 14 मार्च की शाम करीब 7:15 बजे नागेश के मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसके बाद वह मोटरसाइकिल से घर से निकल गया। कुछ देर बाद रात 8:03 बजे नागेश के ही मोबाइल से उसकी मां को फोन आया। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि उनका बेटा मेगासिटी में है और उसे बुरी तरह पीटा गया है। साथ ही धमकी दी कि दस मिनट के भीतर आकर उसे ले जाएं, अन्यथा उसे नीचे फेंक दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा का हुआ निधन, 72 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

 

गंभीर हालत में मिला नागेश
यह जानकारी मिलते ही सुरेखा जाधव अपने रिश्तेदारों के साथ एसएनडीटी कॉलेज के पास स्थित मेगासिटी पहुंची। वहां काफी भीड़ जमा थी। लोगों ने बताया कि नागेश को छत पर पीटा जा रहा है। जब परिजन छत पर पहुंचे तो नागेश गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा हुआ था। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे और आसपास डंडे पड़े थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ महिलाएं भी उसकी पिटाई कर रही थीं।

इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों ने तुरंत नागेश को नीचे उतारा और रिक्शा से गोखलेनगर स्थित अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे ससून अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार जैसे ही मामले की सूचना मिली, शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी, जिसके बाद छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। बाकी बचे आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार नागेश और इलाके में रहने वाली एक नाबालिग लड़की के बीच दोस्ती थी और दोनों फोन पर बातचीत करते थे, जिसके बाद लड़की के परिजनों ने इस घटना को अंजाम दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें