सोनीपत। Minister harvested wheat सहकारिता मंत्री और गोहाना के विधायक का ठेठ अंदाज देखने को मिला। खेतों में किसानों का हालचाल जानने पत्नी सहित पहुंचे डॉ. अरविंद शर्मा में किसानी जाग गई।
पति-पत्नी ने काटा गेहूं
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अजीत की धर्मपत्नी ममता और उनके खेत में गेहूं कटाई कर रही पुष्पा और पूनम से चर्चा की। इसी दौरान उनके मन में गेहूं कटाई करने की इच्छा जागी और मंडासा मारते हुए अपनी धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा के साथ दरांती लेकर सीधे खेत में घुस गए। मंत्री दंपती ने काफी देर तक लामणी (गेहूं कटाई) की। इसके बाद दोनों ने पूली बांधी। खेत मालिक अजीत की पत्नी ममता द्वारा बनाया गया खाना दोनों ने बडे चाव से खाया और आभार जताया। एक वीडिया के माध्यम से कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने बचपन में अपने सेवानिवृत प्रिंसिपल पिता के साथ खेतों में लामणी की है।
धर्मपत्नी डॉ. रीटा ने किया अच्छा महसूस

इसके बाद भी जब उन्हें मौका मिला तो कई दफा लामनी की। आज उनके साथ धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा ने पहली बार लामणी करते हुए अच्छा महसूस किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि यह लग्न की बात होती है। जिसे मिट्टी से प्यार है, खेत से प्यार है, अपने हरियाणा से प्यार है। जो खेत में उतरता है, उसे लामणी करने का जुनून हो ही जाता है। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्र्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी किसान के बेटे हैं, उन्हें किसान भाईयों की तकलीफ और उनके समाधान की निरंतर चिंता है।
इस अभियान के तहत पहुंचे गांव
उल्लेखनीय है कि भाजपा संगठन की ओर से गांव चलो, बस्ती चलो अभियान के निर्धारित कार्यक्रमों के बाद गांव सलारपुर माजरा से गोहाना लौट रहे सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा जब गांव बिधल के पास से गुजर रहे थे तो उन्होंने बीते दिनों में लगातार आंधी, बारिश और बदले मौसम के चलते खेत में फसल खराब होने की आशंका पर जायजा लेने की सोची। इसके लिए उनका काफिला सीधा हाईवे से थोड़ा पहले रजबाहे के पास अजीत के खेतों में पहुंच गए।
किसानों-आढ़तियों को नहीं होगी दिक्कत
आज प्रदेश में मंडियों में खरीदारी शुरू हो गई है और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सरकार सुनिश्चित कर रही है कि किसानों, आढतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सरकार किसान भाईयों का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीद करना सुनिश्चित करेगी। इस दौरान मौके पर बिधल के पूर्व सरपंच करतार मलिक, कृष्ण, राजेश पंडित, रजनीश मलिक, नवीन, संदीप शर्मा, सुरेश आदि उपस्थित रहे।
Also Read : खुशियों, मेहनत और आस्था का पर्व है बैसाखी
Also Read : प्रदेश में पहली बार मनेगा बैसाखी पर्व
Also Read : बैसाखी महोत्सव 2026 में होंगे 200 दंगल