Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

तलवार से काटकर युवक की हत्या, आरोपी ने खुद को मारी गोली, जानें क्या था कारण?

June 26, 2026

तलवार से काटकर युवक की हत्या, आरोपी ने खुद को मारी गोली, जानें क्या था कारण?

Murdered By Cutting Him With A Sword : दरभंगा। शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां दूसरे धर्म की युवती से प्रेम विवाह करने वाले एक युवक की कथित तौर पर तलवार से काटकर हत्या कर दी गई। घटना बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव की है।

हत्या का आरोप बिहार पुलिस में तैनात एक दारोगा पर लगा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली। इस दोहरे घटनाक्रम से इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

तीन साल पहले हुआ था विवाह

स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन साल पहले सुनील ने गांव की ही सानिया से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से सुनील अपनी पत्नी और परिवार के साथ अहमदाबाद में रहता था। दो दिन पहले ही सुनील अपनी पत्नी को लेकर गांव आया था, जिसके बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। शुक्रवार की सुबह तड़के करीब चार बजे सानिया के चाचा (आरोपी दारोगा मो. मोबिन) ने सुनील को फोन किया और ताजिया की तैयारी देखने के बहाने मंदिर के पास बुलाया।

मंदिर के पास दिया वारदात को अंजाम

सुनील जैसे ही मंदिर के पास पहुंचा, मोबिन ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर पहले उसके साथ मारपीट की और फिर तलवार से उसके सिर व शरीर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। सुनील ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी मो. मोबिन और मृतक सुनील कभी गहरे दोस्त हुआ करते थे, लेकिन इस प्रेम विवाह के बाद से मोबिन बेहद नाराज चल रहा था और अभी वह छुट्टी पर घर आया हुआ था। सुनील की मौत सुनिश्चित करने के बाद आरोपी दारोगा मो. मोबिन ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और खुद को गोली मार ली।

अभी हथियार की पुष्टि नहीं

अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने अपनी सर्विस पिस्टल का इस्तेमाल किया या किसी अवैध हथियार का। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ओझौल गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर भी भारी पुलिस बल तैनात है। घटना की सूचना मिलते ही दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय एसडीपीओ को मामले में त्वरित कार्रवाई करने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें