Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

मेरी सरकार ने गरीबों के लिए बनाए 4 करोड़ पक्के घर : PM Modi

November 9, 2023

मेरी सरकार ने गरीबों के लिए बनाए 4 करोड़ पक्के घर : PM Modi

सतनाः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि मध्य प्रदेश में मतदाताओं का प्रत्येक वोट त्रिशक्ति से भरा है, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मध्य प्रदेश में फिर से सरकार बनाने में, केंद्र में प्रधानमंत्री को मजबूत करने में और प्रदेश में भ्रष्ट कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारी योजनाओं के करोड़ों फर्जी लाभार्थी बनाए थे जिन्हें केंद्र में भाजपा नीत सरकार द्वारा हटाया गया।

मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सतना में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने गरीबों के लिए चार करोड़ पक्के घर बनाए हैं, लेकिन उन्होंने अपने लिए एक भी घर नहीं बनाया है। पीएम मोदी ने कहा, कि ‘मध्य प्रदेश के चुनाव में आपका हर वोट त्रिशक्ति की ताकत से भरा हुआ है। आपका वोट यहां फिर से भाजपा की सरकार बनाने जा रहा है। आपका वही वोट दिल्ली में मोदी को मजबूत करेगा। आपका वही वोट, भ्रष्टाचारी कांग्रेस को मध्य प्रदेश की सरकार से सौ कोस दूर रखेगा। यानी एक वोट, तीन कमाल।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में उनकी सरकार आने के बाद कांग्रेस द्वारा बनाए गए 10 करोड़ फर्जी लाभार्थियों को रिकॉर्ड से हटा दिया गया, जो सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे थे।

We are now on WhatsApp. Click to join

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास मध्य प्रदेश के लिए कोई रोडमैप नहीं है, वहीं दूसरी तरफ मोदी की गारंटी मतलब वादे पूरे करने की गारंटी। पीएम मोदी ने पूर्ववर्ती संप्रग सरकार पर राज्य के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब मध्य प्रदेश में भाजपा और केंद्र में संप्रग सरकार थी, तब संप्रग सरकार ने हर कदम पर मध्य प्रदेश के विकास को बाधित किया। उन्होंने दावा किया कि फिर केंद्र में 2014 में भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश में भाजपा शासन को डबल इंजन की ताकत मिली।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के विकास को अंधेरे कुएं में डाल दिया था और भाजपा सरकार ने उसे वहां से बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि अब हर गरीब व्यक्ति को उसका अधिकार मिल रहा है, जबकि कांग्रेस के भ्रष्टाचार ने उनके घर का सपना तोड़ दिया था। पीएम मोदी ने कहा कि दस साल में भाजपा सरकार ने गरीबों को बैंक खातों में सीधे 33 लाख करोड़ रुपये भेजे हैं और इसमें से एक भी रुपया इधर-उधर नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जब दुनिया संकट से घिरी हुई है, चारों ओर बम और बंदूकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं तब भारत जैसे देश आज दुनिया में अपने विचार का प्रभाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें